नई दिल्ली। सोने की कीमतों में एक बार फिर तेजी देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत 10 ग्राम पर ₹1,095 बढ़कर ₹1.53 लाख के स्तर पर पहुंच गई है। वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के बीच गोल्ड में लगातार मजबूती बनी हुई है। हालांकि, चांदी की कीमतों में हल्की नरमी दर्ज की गई और यह ₹1,307 घटकर ₹2.46 लाख प्रति किलो पर आ गई।
2026 में गोल्ड- सिल्वर दोनों ने दिया दमदार रिटर्न
बता दें साल 2026 की शुरुआत से अब तक सोने ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। 31 दिसंबर 2025 को ₹1.33 लाख प्रति 10 ग्राम के स्तर पर मौजूद सोना अब करीब ₹19,000 महंगा हो चुका है।
वहीं चांदी भी ₹2.30 लाख प्रति किलो से बढ़कर ₹2.45 लाख के करीब पहुंच गई है। इस दौरान 29 जनवरी को सोने ने ₹1.76 लाख और चांदी ने ₹3.86 लाख प्रति किलो का ऐतिहासिक ऑलटाइम हाई बनाया था।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक घटनाक्रम, केंद्रीय बैंकों की नीतियां और निवेशकों का सुरक्षित निवेश की ओर रुझान आने वाले दिनों में भी कीमती धातुओं की कीमतों को प्रभावित कर सकता है।

