भोपाल:प्रदेश में युवाओं के भविष्य को लेकर पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मांग की है कि आगामी बजट में युवाओं के करियर काउंसलिंग और कौशल विकास के लिए अलग से बजट रखा जाए और कागजी युवा नीति को जमीन पर उतारा जाए।अजय सिंह ने कहा कि प्रदेश का पढ़ा-लिखा युवा आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
उसके सामने करियर और जीवन का संकट मंडरा रहा है। सरकार को इवेंट मैनेजमेंट छोड़कर युवाओं के रोजगार और शिक्षा से जुड़े वास्तविक संकट का समाधान करना चाहिए। सरकारी खाली पदों को समय-सीमा में पूरी पारदर्शिता के साथ तत्काल भरा जाए।
युवा नीति सिर्फ कागजों पर
अजय सिंह ने कहा कि 2023 में बड़े दावों के साथ घोषित राज्य युवा नीति आज भी कागजों तक ही सीमित है। उसे धरातल पर लागू नहीं किया गया। राज्य युवा आयोग भी बिना बजट के केवल नाम मात्र के लिए चल रहा है। फंड के अभाव में आयोग पंगु है और युवाओं के लिए कुछ नहीं कर पा रहा।
अलग युवा कल्याण विभाग की मांग
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश और असम में युवाओं के लिए अलग विभाग काम कर रहे हैं तो मध्य प्रदेश में क्यों नहीं। सरकार 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने का ढिंढोरा पीट रही है, जबकि युवा घोर प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार है। प्रदेश में युवाओं के लिए स्वतंत्र विभाग ही नहीं है। खेल और युवा कल्याण विभाग के बजट में युवा कल्याण के लिए एक रुपया भी अलग से निर्धारित नहीं है। यह विभाग सिर्फ खेल गतिविधियों तक सिमट कर रह गया है।
यह भी पढ़ें: राहुल-अखिलेश की दोस्ती पर बीजेपी ने उठाए सवाल? सुभाष यदुवंश बोले- सत्ता के लिए साथ हैं दोनों राजकुमार
खाली पद तत्काल भरे सरकार
सिंह ने कहा कि सरकारी खाली पदों को समय-सीमा में पूरी पारदर्शिता के साथ भरा जाए। प्रदेश का पढ़ा-लिखा युवा खुद को ठगा महसूस कर रहा है। उसके सामने करियर और जीवन का संकट है। सरकार इवेंट मैनेजमेंट छोड़कर रोजगार और शिक्षा से जुड़े वास्तविक संकट का समाधान करे।

