लखनऊ: राज्यपाल आनंदी बेन पटेल महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के 7वें दीक्षांत समारोह में पहुंची। इस दौरान प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय भी मौजूद थे। समारोह में 2,279 स्टूडेंट्स को डिग्री और डिप्लोमा दिए गए। यूनिवर्सिटी कैंपस में मिनी एक्सपो भी लगाया गया था।
लड़की को मां बनाकर छोड़ना गलत
कार्यक्रम के दौरान, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कहा कि 13-14 साल की उम्र में किसी लड़की को मां बनाकर छोड़ना गलत है। गर्लफ्रेंड बनाने में बुराई नहीं है। लेकिन शादी का वादा किया है तो उसे निभाना जरूरी है। युवाओं को पहले आत्मनिर्भर बनना चाहिए, ताकि वे परिवार की जिम्मेदारी उठा सकें।
ऐसा पराक्रम आप लोग मत करिए
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने तीन महीने पहले कहा था कि लड़कियां पढ़ाई के दौरान प्रेग्नेंट हो जाती हैं। कइयों को बच्चा भी हो जाता है। उस बच्चे की जिम्मेदारी जानते हैं किस पर जाती है? सरकार पर जाती है। ऐसा पराक्रम आप लोग मत करिए। दूर रहिए इन पराक्रमों से।
वह डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) के 24वें दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति के तौर पर बोल रही थीं। आनंदी बेन ने कहा था मैं लव मैरिज के खिलाफ नहीं हूं, आप करिए लव मैरिज।
आपको उनसे प्रेम है, उनको आपसे प्रेम है तो शादी करिए। लेकिन, शादी तभी करिए जब आत्मनिर्भर हो जाइए। मेरा बेटा बेंगलुरु पढ़ने गया। मैंने उससे कह दिया था कि अगर कोई लड़की पसंद आए तो बता देना, शादी करा देंगे। उसे कोई पसंद ही नहीं आई।
ये भी पढ़ें: श्री महाकाल मंदिर में सुरक्षा को छोड़कर अन्य सभी व्यवस्थाएं अब निजी एजेंसियों के हवाले, टेंडर प्रक्रिया शुरू
राज्यपाल बोलीं- गलत कामों में हिस्सा न लें
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे गलत कामों में कभी हिस्सा न लें और न ही किसी को ऐसा करने दें। उन्होंने कहा कि समाज में धोखाधड़ी और दूसरी गलत गतिविधियों को रोकना जरूरी है। इसके लिए अच्छे लोगों की संख्या बढ़ानी होगी और विद्यार्थियों को भी इस मुहिम से जोड़ना होगा।
राज्यपाल ने तालाब का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर लोग उसमें लगातार गंदगी डालते रहेंगे, तो पानी दूषित हो जाएगा। वहीं, उसे साफ रखने का प्रयास किया जाए, तो पानी शुद्ध बना रह सकता है। इसी तरह ज्ञान और अच्छे विचारों को लगातार बढ़ावा देना चाहिए। सही ज्ञान बढ़ेगा, तभी समाज आगे बढ़ेगा।

