भोपाल। गोविंदपुरा पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली जब नियमित वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध युवक बगैर नंबर की दोपहिया गाड़ी के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने जब उससे वाहन संबंधी दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिस को बार-बार गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने वाहन चोरी की वारदातों में शामिल होने का खुलासा किया।
आरोपी ने बताया कि वह अपने गिरोह के साथ मिलकर भोपाल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लंबे समय से दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और आरोपी की निशानदेही पर कार्रवाई करते हुए करीब 14 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की है। जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 18 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। गोविंदपुरा पुलिस का यह अभियान लगातार चल रहा था, जिसके परिणामस्वरूप यह बड़ा गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस का कहना है कि ऐसे चेकिंग अभियानों का मुख्य उद्देश्य अपराधियों पर नियंत्रण रखना और चोरी की बढ़ती वारदातों को रोकना है। इस कार्रवाई से शहर में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।

