Wednesday, November 25, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsगुना जिला अस्पताल में डॉक्टर की कार ने 6 लोगों को कुचला:...

गुना जिला अस्पताल में डॉक्टर की कार ने 6 लोगों को कुचला: 9 महीने की गर्भवती महिला और दो बच्चे घायल, दीवार से टकराकर रुकी कार

गुना: गुना जिला अस्पताल परिसर में बुधवार को एक डॉक्टर की कार अनियंत्रित होकर छह लोगों को कुचलते हुए दीवार से जा टकराई। हादसे में चार महिलाएं और दो बच्चे घायल हो गए। घायलों में नौ महीने की गर्भवती महिला भी शामिल है। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कार के नीचे फंसे लोगों को निकालने के लिए मौके पर मौजूद लोगों ने वाहन को उठाया और घायलों को इलाज के लिए पहुंचाया।

जानकारी के मुताबिक, जिला अस्पताल में ड्यूटी पूरी करने के बाद डॉक्टर सुभाष सोनकर घर लौट रहे थे। वे अपनी कार (MP 08 ZM 6890) चला रहे थे। इसी दौरान अचानक कार अनियंत्रित हो गई और रास्ते में मौजूद लोगों को टक्कर मारते हुए दीवार से जा टकराई।

सोनोग्राफी कराने आई गर्भवती महिला घायल

हादसे में नौ महीने की गर्भवती महिला भी घायल हो गई। वह सोनोग्राफी कराने अस्पताल आई थी। परिजनों के मुताबिक, वे आवां गांव से आए थे और अस्पताल परिसर में खड़े थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे के बाद महिला की मेडिकल जांच कराई गई। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

पहले से घायल युवक के दोनों पैर में फ्रैक्चर

हादसे में चंदन नाम का युवक भी घायल हुआ है। बताया गया कि सुबह एक अन्य वाहन की टक्कर से उसके पैर में चोट आई थी। वह प्लास्टर कराने के बाद घर लौटने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान डॉक्टर की कार ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में उसका दूसरा पैर भी फ्रैक्चर हो गया।

लोगों ने कार उठाकर घायलों को निकाला

प्रत्यक्षदर्शी और समाजसेवी धर्मवीर सिंह ढिल्लों के मुताबिक, डॉक्टर की कार तेज रफ्तार में थी। अचानक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार महिलाओं तथा बच्चों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कार के नीचे दबे घायलों को बाहर निकालने के लिए लोगों ने मिलकर वाहन को उठाया।

यह भी पढ़ें: ड्रिल मशीन की रॉड से सिर पर वार कर पति की हत्या, पत्नी समेत तीन गिरफ्तार: साले-भांजे ने कुएं से निकालकर जंगल में फेंका शव

डॉक्टर को चक्कर आने की बात सामने आई

अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर (RMO) डॉ. पीएन धाकड़ ने हादसे में चार महिलाओं और दो बच्चों के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर सुभाष सोनकर की तबीयत ठीक नहीं थी और गाड़ी चलाते समय उन्हें चक्कर आने की बात सामने आई है। इसी वजह से कार अनियंत्रित होने की आशंका है।

डॉक्टर के पास ड्राइवर भी था, लेकिन बुधवार को वे खुद कार चला रहे थे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

22 to 28 November 2026
15 to 21 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन