भोपाल: भोपाल के परवलिया सड़क थाना क्षेत्र के ग्राम बगोनिया में लाल तालाब के पास जंगल में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा किया है। युवक की हत्या उसकी पत्नी ने ड्रिल मशीन की रॉड से सिर पर वार कर की थी। पति से विवाद और मारपीट के बाद पत्नी ने गुस्से में यह हमला किया। गंभीर चोट लगने से पति कुएं में गिर गया, जहां उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद पत्नी के भाई और भांजे ने शव को कुएं से निकालकर दूसरे थाना क्षेत्र के जंगल में फेंक दिया। उनका मकसद वारदात को छिपाना था। खेत मालिक को भी घटना की जानकारी थी, लेकिन उसने पुलिस को सूचना नहीं दी।
पुलिस ने पत्नी, साले, भांजे और खेत मालिक समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज किया है। इनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बुधवार को पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मारपीट के बाद पत्नी ने ड्रिल मशीन की रॉड से किया हमला
थाना प्रभारी हरिशंकर वर्मा के मुताबिक, सोमवार को ग्राम बगोनिया में लाल तालाब के पास जंगल में एक युवक का शव मिला था। मृतक की पहचान रायसेन जिले के ग्राम चांदपुर निवासी रमेश बंजारा (35) के रूप में हुई। उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि रमेश अपनी पत्नी मीना बाई, साले लक्ष्मण और भांजे जगदीश के साथ कुआं खोदने का काम करता था। पिछले कुछ दिनों से सभी गुनगा थाना क्षेत्र के ग्राम चंदेरी में भारत सिंह के खेत पर कुआं खोद रहे थे।
रविवार शाम काम खत्म होने के बाद रमेश और उसकी पत्नी मीना बाई के बीच विवाद हो गया। इस दौरान रमेश ने पत्नी के साथ मारपीट की। इससे नाराज मीना ने पास रखी ड्रिल मशीन की रॉड उठाई और रमेश के सिर पर वार कर दिया। चोट लगने से वह कुएं में जा गिरा।
कुएं से निकालकर जंगल में फेंका शव
पुलिस के मुताबिक, मौके पर मौजूद लोगों ने रमेश को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद लक्ष्मण और जगदीश ने शव को वहां से हटाने की योजना बनाई। दोनों शव को परवलिया सड़क थाना क्षेत्र के ग्राम बगोनिया ले गए और लाल तालाब के पास जंगल में फेंक दिया।
इस दौरान खेत मालिक भारत सिंह को भी घटना की जानकारी थी, लेकिन उसने पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी। मर्ग जांच में हत्या और साक्ष्य छिपाने के तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने चारों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया।
पुलिस ने मीना बाई, लक्ष्मण और जगदीश को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, खेत मालिक भारत सिंह की भूमिका को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

