Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsहज-2027: मेहरम का चयन हुआ तो अब महिलाएं भी जा सकेंगी हज...

हज-2027: मेहरम का चयन हुआ तो अब महिलाएं भी जा सकेंगी हज पर, 500 सीटें तय

भोपाल। हज-2027 के लिए मेहरम के चयन का इंतजार कर रही महिलाओं के लिए राहत की खबर है। जिन महिलाओं के मेहरम का हज-2027 के लिए चयन हो चुका है, लेकिन वे किसी कारण से स्वयं आवेदन नहीं कर सकी थीं, उन्हें अब विशेष श्रेणी के तहत हज यात्रा का अवसर मिलेगा। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने इस श्रेणी के लिए 500 सीटें निर्धारित की हैं।

इस विशेष श्रेणी के लिए ऑनलाइन आवेदन 23 सितंबर से शुरू होकर 7 अक्टूबर 2026 तक किए जा सकेंगे। यह सुविधा उन महिलाओं के लिए है, जो मेहरम की अनुपलब्धता या अन्य कारणों से निर्धारित अवधि में हज-2027 के लिए आवेदन नहीं कर पाई थीं। अब चयनित मेहरम के साथ हज यात्रा करने की इच्छुक महिलाएं इस श्रेणी में आवेदन कर सकती हैं।

कहां और कैसे करना होगा आवेदन

मध्यप्रदेश राज्य हज कमेटी के अनुसार, पात्र महिलाएं हज कमेटी ऑफ इंडिया की अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। आवेदन के लिए महिला के पास 31 दिसंबर 2027 तक वैध मशीन रीडेबल भारतीय अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट होना जरूरी है।

आवेदन के दौरान पासपोर्ट के प्रथम और अंतिम पृष्ठ, फोटो, पते का प्रमाण तथा मेहरम के साथ रिश्ते का प्रमाण अपलोड करना होगा। दस्तावेजों की जानकारी और पात्रता शर्तों को आवेदन से पहले ध्यानपूर्वक जांचना होगा।

पहले हज कर चुकी महिलाओं को नहीं मिलेगा लाभ

विशेष श्रेणी में आवेदन करने वाली महिला ने पहले हज कमेटी ऑफ इंडिया, हज ग्रुप ऑर्गनाइजर (एचजीओ) या किसी अन्य माध्यम से हज यात्रा नहीं की होनी चाहिए।

जिन महिलाओं ने हज-2027 के लिए पहले ही आवेदन कर दिया है और उन्हें कवर नंबर आवंटित हो चुका है, वे इस विशेष श्रेणी के तहत दोबारा आवेदन नहीं कर सकेंगी।

एक कवर में अधिकतम पांच यात्री

हज आवेदन की प्रक्रिया में एक कवर में अधिकतम पांच हज यात्री शामिल किए जा सकते हैं। ऐसे में मेहरम के साथ यात्रा की योजना बनाने वाली महिलाओं को आवेदन के दौरान निर्धारित नियमों और दस्तावेजों का विशेष ध्यान रखना होगा।

500 से ज्यादा आवेदन आए तो होगा कुर्रा

विशेष श्रेणी के लिए निर्धारित 500 सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर सीटों का आवंटन डिजिटल रैंडम सिलेक्शन यानी कुर्रा के माध्यम से किया जाएगा। यानी आवेदन करने मात्र से सीट सुनिश्चित नहीं होगी।

मध्यप्रदेश राज्य हज कमेटी ने पात्र महिलाओं से अपील की है कि वे 23 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 के बीच निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें और सभी जरूरी दस्तावेज समय पर तैयार रखें।

 

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन