मुंबई: इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ रिलीज से पहले ही चर्चा में है। फिल्म 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इस बार भी फिल्म में अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी और जावेद जाफरी की लोकप्रिय तिकड़ी दर्शकों का मनोरंजन करती नजर आएगी। इनके अलावा रवि किशन, संजय मिश्रा, ईशा गुप्ता, संजीदा शेख, अंजलि आनंद और उपेंद्र लिमये भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
अजय देवगन ने ली सबसे ज्यादा फीस
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजय देवगन फिल्म के सबसे ज्यादा फीस लेने वाले कलाकार हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने 40 करोड़ रुपये फीस ली है।
वहीं रितेश देशमुख, अरशद वारसी और रवि किशन को अपनी-अपनी भूमिकाओं के लिए 10-10 करोड़ रुपये मिलने की खबर है।
इन कलाकारों को मिली इतनी फीस
रिपोर्ट्स के अनुसार, जावेद जाफरी, संजय मिश्रा, ईशा गुप्ता, अंजलि आनंद और उपेंद्र लिमये को 2-2 करोड़ रुपये फीस दी गई है। वहीं अभिनेत्री संजीदा शेख को करीब 1.5 करोड़ रुपये मिलने की जानकारी सामने आई है।
हालांकि, फिल्म निर्माताओं की ओर से इन फीस आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सोशल मीडिया पर इन्हें लेकर काफी चर्चा हो रही है।
बजट को ध्यान में रखकर कम की थी फीस!
इससे पहले ऐसी खबरें भी सामने आई थीं कि फिल्म का बजट संतुलित रखने के लिए अजय देवगन ने अपनी सामान्य फीस से कम राशि लेने पर सहमति जताई थी। निर्माता भूषण कुमार ने भी एक इंटरव्यू में अजय देवगन को “प्रोड्यूसर-फ्रेंडली” अभिनेता बताते हुए कहा था कि उन्होंने बढ़ती प्रोडक्शन लागत को देखते हुए प्रोजेक्ट को प्राथमिकता दी।
हालांकि, कथित तौर पर फीस में कटौती के बावजूद अजय देवगन ‘धमाल 4’ की स्टार कास्ट में सबसे ज्यादा फीस लेने वाले अभिनेता बने हुए हैं।

