मुंबई: सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के बीच सोशल मीडिया पर अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को लेकर एक दावा तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है, कि दीपिका ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए वांगचुक का समर्थन किया और देश के नेतृत्व पर सवाल उठाए, लेकिन जांच में यह दावा पूरी तरह फर्जी निकला।
क्या है वायरल दावा?
सोशल मीडिया पर एक कथित इंस्टाग्राम स्टोरी का स्क्रीनशॉट शेयर किया जा रहा है। इसमें लिखा गया है कि दीपिका ने सोनम वांगचुक से जुड़ी पोस्ट साझा करते हुए लिखा, ‘वे उपवास कर रहे हैं और हम स्क्रॉल कर रहे हैं…’ साथ ही यह भी दावा किया गया कि उन्होंने पोस्ट कुछ मिनट बाद डिलीट कर दी।
जांच में क्या सामने आया?
फैक्ट-चेक में पता चला है,कि दीपिका पादुकोण के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट या सोशल मीडिया रिकॉर्ड में ऐसी कोई पोस्ट मौजूद नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वायरल स्क्रीनशॉट डिजिटल रूप से एडिट किया गया है और अभिनेत्री की ओर से ऐसा कोई बयान जारी नहीं किया गया।
किन बॉलीवुड सितारों ने किया समर्थन?
हालांकि दीपिका से जुड़ा दावा गलत निकला, लेकिन कई फिल्मी हस्तियों ने सोनम वांगचुक के समर्थन में आवाज उठाई है। स्वरा भास्कर जंतर-मंतर पहुंचीं और वांगचुक से मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी अपना समर्थन जताया।वहीं सोनी राजदान ने वांगचुक से अनशन खत्म करने की भावुक अपील करते हुए लिखा कि देश को उनकी जरूरत है।
शबाना आजमी ने कहा कि न्याय की इस लड़ाई के लिए उनका स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है और अनुराग कश्यप ने सोशल मीडिया पर लंबा संदेश लिखकर भूख हड़ताल और व्यवस्था पर चिंता जताई।
रूबीना दिलैक, नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, अरुंधति रॉय समेत कई अन्य हस्तियों ने भी वांगचुक के समर्थन में पोस्ट साझा किए और उनसे अनशन समाप्त करने की अपील की।
फिलहाल, दीपिका पादुकोण के समर्थन को लेकर वायरल किया जा रहा स्क्रीनशॉट पूरी तरह भ्रामक और फर्जी है, जबकि अन्य कई बॉलीवुड हस्तियां खुलकर सोनम वांगचुक के समर्थन में सामने आई हैं।


