Monday, November 9, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsमोहम्मद शमी के सन्यास पर हसीन जहां का तंज, बोलीं- खुदा ने...

मोहम्मद शमी के सन्यास पर हसीन जहां का तंज, बोलीं- खुदा ने बरपाया कहर

मुरादाबाद: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के फैसले पर उनकी पत्नी हसीन जहां की प्रतिक्रिया सामने आई है। हसीन जहां ने शमी के फैसले पर कटाक्ष करते हुए तीखी टिप्पणी की। उन्होंने शमी की उम्र और उनके क्रिकेट करियर को लेकर भी सवाल उठाए।

खुदा का कहर टूटा

मोहम्मद शमी के टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने के फैसले के बाद हसीन जहां का बयान चर्चा में है। उन्होंने शमी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह टेस्ट क्रिकेट छोड़ने का फैसला नहीं, बल्कि उन पर खुदा का कहर टूटने जैसा है।

प्रशंसा के कारण शमी खुद को खुदा समझने लगे थे

हसीन जहां ने कहा कि अच्छे प्रदर्शन और लोगों से मिलने वाली प्रशंसा के कारण शमी खुद को खुदा समझने लगे थे। उनके मुताबिक, किसी व्यक्ति की असली पहचान उसकी इंसानियत से होती है, न कि प्रसिद्धि या क्रिकेट खेलने से।

बातचीत के दौरान उन्होंने शमी की उम्र को लेकर भी आरोप लगाए। हसीन जहां का दावा है कि शमी का जन्म वर्ष 1982 में हुआ था, जबकि उनके शैक्षिक प्रमाणपत्रों में जन्म वर्ष 1990 दर्ज है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि उम्र स्वाभाविक रूप से बढ़ती है, न कि दस्तावेजों में दर्ज आंकड़ों के मुताबिक। हसीन जहां ने यह भी सवाल किया कि यदि शमी का प्रदर्शन खराब होता तो उन्हें टीम में मौका नहीं मिलने की बात समझ आती, लेकिन अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें तवज्जो नहीं मिली।

उन्होंने शमी के करियर पर उम्र के प्रभाव की बात कहते हुए कर्मों का हवाला दिया। साथ ही सवाल उठाया कि यदि शमी की उम्र कम थी तो उन्होंने अंडर-19 क्रिकेट में हिस्सा क्यों नहीं लिया और 22 वर्ष की उम्र के बाद ही क्रिकेट खेलना क्यों शुरू किया।

परिवार को दी चुनावी चुनौती

हसीन जहां ने शमी के परिवार को लेकर भी अपना पुराना रुख दोहराया। उन्होंने कहा कि मोहम्मद शमी, उनके भाई, भाभी या परिवार का कोई अन्य सदस्य चुनाव लड़ता है तो वह उसके खिलाफ चुनाव मैदान में उतरेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में वह पीछे नहीं हटेंगी।

शमी ने छह नवंबर को लिया संन्यास

अमरोहा निवासी मोहम्मद शमी ने छह नवंबर को सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। उनके इस फैसले से प्रशंसक हैरान रह गए थे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वनडे और टी-20 क्रिकेट में उनका खेल जारी रहेगा।

शमी ने फार्म हाउस स्थित मैदान से करीब 2 मिनट 48 सेकंड का वीडियो साझा किया था। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए इस वीडियो को कुछ ही घंटों में करीब 72 हजार लाइक मिले। वहीं, पोस्ट पर तीन हजार से अधिक कमेंट आए और इसे एक हजार से ज्यादा बार शेयर किया गया।

अपने संदेश में शमी ने कहा कि सफेद जर्सी से विदाई जरूर ले रहे हैं, लेकिन इससे जुड़ी यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को अपनी जिंदगी का खास हिस्सा बताया और इस सफर में साथ देने वाले साथी खिलाड़ियों, कोच, परिवार तथा प्रशंसकों का आभार जताया।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन