Sunday, November 15, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsबालाघाट में बैगा बच्चों पर स्वास्थ्य संकट: 22 बच्चों की मौत, 4338...

बालाघाट में बैगा बच्चों पर स्वास्थ्य संकट: 22 बच्चों की मौत, 4338 अति कुपोषित; 44 का इलाज जारी

बालाघाट: बालाघाट के बैगा बहुल बैहर और बिरसा विकासखंडों में बच्चों की मौत और कुपोषण का गंभीर संकट सामने आया है। प्रशासन भले ही अब तक आठ बच्चों की मौत की पुष्टि कर रहा हो, लेकिन जमीनी स्तर पर 22 बच्चों की मौत का दावा किया जा रहा है। जुलाई 2026 तक जिले में 4,338 बच्चे अति कुपोषित दर्ज किए गए हैं, जबकि 44 मरीजों का इलाज अभी भी अस्पताल में जारी है।

बालाघाट जिले में कुपोषण और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी बच्चों के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई है। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी देवेंद्र सुंदरियाल से मिले आंकड़ों के अनुसार जुलाई 2026 तक जिले में 4,338 बच्चे अति कुपोषित हैं। प्रशासन इन बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य में सुधार के लिए अभियान चलाने की बात कह रहा है।

प्रशासन के आंकड़े और जमीनी दावों में अंतर

बैगा बहुल क्षेत्रों में बच्चों की मौत के आंकड़ों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। प्रशासन अब तक आठ बच्चों की मौत की बात स्वीकार कर रहा है, जबकि स्थानीय स्तर पर 22 बच्चों की मौत का दावा किया जा रहा है। इन घटनाओं के पीछे कुपोषण, दूषित पानी, संक्रमण और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को प्रमुख कारण बताया जा रहा है।

नए साल से पहले ही बिगड़ने लगी थी बच्चों की हालत

बैहर और बिरसा विकासखंडों में बच्चों की सेहत पहले से ही कमजोर बताई जा रही थी। दूषित पानी, कुपोषण और गंदगी के कारण धीरे-धीरे संक्रमण का असर बढ़ा। जुलाई में अलग-अलग कारणों से बच्चों की मौत के मामले सामने आने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ, लेकिन तब तक कई परिवारों को अपने बच्चों को खोना पड़ा।

साफ पानी के लिए आज भी भटक रहे ग्रामीण

बालाघाट के पहाड़ी और दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में अब भी स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो पाई है। कई जगह नल-जल योजना होने के बावजूद नियमित पानी नहीं पहुंचने की शिकायत है। ऐसे में ग्रामीण नालों और डोबरों से पानी लेकर उसे छानकर पीने को मजबूर हैं।

आशंका जताई जा रही है कि दूषित पानी में मौजूद बैक्टीरिया और अन्य संक्रमणकारी तत्व बच्चों और ग्रामीणों की सेहत को प्रभावित कर रहे हैं। कुपोषण के कारण कमजोर बच्चों पर संक्रमण का खतरा और बढ़ जाता है।

44 मरीजों का अभी भी अस्पताल में इलाज

सरकारी जानकारी के अनुसार संक्रमण और कुपोषण से प्रभावित लोगों के इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार अभियान चला रहा है। अब तक 207 लोगों का जिला चिकित्सालय में इलाज किया गया है, जिनमें से 163 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। वहीं, 44 मरीजों का इलाज अभी भी जारी है।

स्वास्थ्य सर्वे के तहत अब तक 3,329 लोगों की जांच की जा चुकी है। घर-घर स्वास्थ्य निगरानी के लिए 20 सर्वेक्षण टीमें तैनात की गई हैं, जबकि इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 10 चिकित्सा अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कोदो-कुटकी और जंगल पर निर्भर बैगा समुदाय

बैगा समुदाय का जीवन जंगल और प्राकृतिक संसाधनों से गहराई से जुड़ा है। इनके भोजन में जंगलों से मिलने वाले कंद-मूल, सब्जियां और अन्य प्राकृतिक खाद्य पदार्थ शामिल हैं। पहाड़ी इलाकों में कुछ परिवार जंगल साफ कर सीमित खेती भी करते हैं, जिसमें कोदो-कुटकी प्रमुख फसलें हैं।

हालांकि, सीमित खेती से परिवारों की जरूरतें पूरी नहीं हो पातीं। ऐसे में सरकारी राशन और जंगल से मिलने वाले खाद्य पदार्थ ही उनके जीवनयापन का बड़ा सहारा बनते हैं। स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी ने बैगा बहुल इलाकों में बच्चों के सामने संकट और गहरा कर दिया है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन