नई दिल्ली: अयोध्या के श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों से जुड़ी चार याचिकाओं पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की तीन सदस्यीय पीठ करेगी।
क्या है मामला?
याचिकाओं ने आरोप लगाया गया है कि, श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए चढ़ावे के प्रबंधन और वित्तीय लेन-देन में कथित अनियमितताएं हुई हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग सुप्रीम कोर्ट से की गई है।
पिछली सुनवाई में क्या कहा था सुप्रीम कोर्ट ने?
मामले की पिछली सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार को जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने का निर्देश दिया था। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया था कि मामला एक सामान्य आपराधिक आरोप से जुड़ा है और इसका किसी भी तरह राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।
किन लोगों ने दायर की हैं याचिकाएं?
सुप्रीम कोर्ट में यह चार याचिकाएं राजद सांसद सुधाकर सिंह, अधिवक्ता नरेंद्र कुमार गोस्वामी, अधिवक्ता अजय कुमार राय और दिनेश कुमार यादव, तथा हिंदू धर्म परिषद की ओर से दायर की गई हैं।
याचिकाओं में क्या-क्या मांग की गई है?
याचिकाकर्ताओं में सुप्रीम कोर्ट से कई अहम निर्देश जारी करने की मांग की है, जिनमें शामिल हैं—
- मामले की CBI से स्वतंत्र जांच कराई जाए।
- श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय लेन-देन का CAG या फोरेंसिक ऑडिट कराया जाए।
- ट्रस्ट के सभी वित्तीय रिकॉर्ड सुरक्षित रखने का निर्देश दिया जाए।
- जांच पूरी होने तक ट्रस्ट को बड़े वित्तीय फैसले लेने से रोका जाए।
आज की सुनवाई पर रहेगी नजर
आज की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट यह तय कर सकता है कि मामले की जांच किस दिशा में आगे बढ़ेगी और याचिकाकर्ताओं की मांगों पर क्या आदेश दिया जाएगा। इस मामले पर अदालत के फैसले पर सभी पक्षों की नजर रहेगी।

