छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टेमनी खुर्द के पास मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय वाहन में बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे। टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बता दें प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

