यमन: ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने गुरुवार को यमन और सऊदी अरब पर एक साथ बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। यमन में सरकारी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए हमलों में 58 सैनिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। वहीं, सऊदी अरब के नजरान शहर पर हुए हमले में 11 नागरिक घायल हो गए और कई इलाकों में आग लग गई।
यमन के रक्षा मंत्रालय ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि इस हमले का “सही समय और सही जगह पर जवाब” दिया जाएगा। दूसरी ओर, सऊदी अधिकारियों के अनुसार घायलों में 7 सऊदी, एक यमनी, दो मिस्री और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल हैं। एक 4 वर्षीय बच्चा भी हमले में घायल हुआ है।
ये भी पढ़े
थाईलैंड के स्कूल में गोलीबारी, 7 लोगों की मौत
हमलों के बीच मध्य-पूर्व में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर संभावित समझौते की चर्चा तेज है। वहीं, समुद्री मार्गों पर जहाजों की आवाजाही में भारी गिरावट दर्ज की गई है। शिपिंग संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि होर्मुज स्ट्रेट पर टोल लगाया गया तो वैश्विक व्यापार प्रभावित होगा और दुनिया भर में महंगाई बढ़ सकती है।
उधर, दक्षिणी लेबनान में हुए धमाके में दो इजराइली सैनिकों की मौत के बाद इजराइल ने कई इलाकों में जवाबी हवाई हमले किए हैं।
हूती क्यों बढ़ा रहे हैं हमले?
हूती विद्रोही ईरान के करीबी सहयोगी माने जाते हैं। जब भी अमेरिका या इजराइल ईरान पर सैन्य दबाव बढ़ाते हैं, हूती संगठन यमन, लाल सागर और सऊदी अरब की दिशा में हमले तेज कर देता है। इसका उद्देश्य विरोधी देशों को कई मोर्चों पर उलझाकर ईरान पर पड़ने वाले दबाव को कम करना माना जाता है।

