कोलकाता। फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी लियोनल मेसी के कोलकाता दौरे के दौरान सॉल्ट लेक स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में भारी अव्यवस्था देखने को मिली। जैसे ही मेसी के पहुंचने की खबर फैली, तो स्टेडियम के बाहर और भीतर हजारों प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि, कार्यक्रम शुरू होने के कुछ ही देर बाद हालात बिगड़ गए और गुस्साए फैंस ने बोतलें फेंकते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी।
दरअसल, प्रशंसकों को अपने चहेते खिलाड़ी की एक झलक तक नहीं मिल सकी। फैंस ने आयोजन में भारी मिसमैनेजमेंट का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि मेसी के आसपास केवल नेता और फिल्मी हस्तियां मौजूद थीं, जबकि आम दर्शकों को दूर रखा गया। कई प्रशंसकों ने बताया कि उन्होंने 12 हजार से लेकर 45 हजार रुपये तक के टिकट खरीदे थे, लेकिन इसके बावजूद वे मेसी को देख नहीं पाए।
CM ममता बनर्जी ने जताया दुख
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस घटना पर गहरा दुख और नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा अपने ट्विटर अकाउंट पर भी पोस्ट किया है। ममता बनर्जी ने कहा कि- वह खुद भी हजारों खेलप्रेमियों के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर मेसी की एक झलक पाने वाली थीं, लेकिन स्टेडियम में फैली अव्यवस्था ने उन्हें स्तब्ध कर दिया।

मुख्यमंत्री ने लियोनल मेसी और सभी खेलप्रेमियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे राज्य की छवि को ठेस पहुंची है।
जांच के लिए गठित हुई उच्चस्तरीय समिति
ममता बनर्जी ने पूरे मामले की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय जांच समिति के गठन की घोषणा की है। यह समिति सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस (रिटायर्ड) आशीम कुमार रे की अध्यक्षता में बनाई गई है। समिति में राज्य के मुख्य सचिव और गृह एवं पहाड़ी मामलों के अतिरिक्त मुख्य सचिव को सदस्य बनाया गया है।
समिति को घटना की विस्तृत जांच करने, जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
फैंस का गुस्सा, रिफंड की मांग
घटना के बाद कई प्रशंसकों ने आयोजन को पूरी तरह से धोखा बताया। एक फैन ने कहा- व्यवस्था, प्रबंधन और अधिकारियों का रवैया बेहद खराब था। हम सब फुटबॉल के दीवाने हैं और सिर्फ मेसी को देखना चाहते थे। हमें हमारे पैसे वापस चाहिए।
फिलहाल, प्रशासन स्थिति को संभालने में जुटा है और जांच समिति की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।


