‘मिर्जापुर द मूवी‘ का भौकाल शुरू! कल आएगा टीजर
मुंबई। ओटीटी की सबसे चर्चित और लोकप्रिय क्राइम-थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार है। मेकर्स ने फिल्म ‘मिर्जापुर द मूवी’ के तीन सबसे लोकप्रिय किरदारों गुड्डू भैया, कालीन भैया और मुन्ना भैया के दमदार पोस्टर जारी कर दिए हैं। पोस्टर्स सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म निर्माता फरहान अख्तर ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए ऐलान किया है कि ‘मिर्जापुर द मूवी’ का टीजर कल दोपहर 12 बजे रिलीज किया जाएगा।
बदले की आग अब भी बरकरार
अली फजल एक बार फिर गुड्डू भैया के किरदार में नजर आएंगे। पोस्टर में उनका वही खतरनाक अंदाज दिखाई दे रहा है, जिसने मिर्जापुर की सत्ता को हिला दिया था। पोस्टर पर लिखा गया है-
‘‘शुरू मजबूरी में किए थे, अब मजा आ रहा है…’’
इस लाइन ने साफ संकेत दे दिया है कि इस बार गुड्डू भैया पहले से ज्यादा खतरनाक और आक्रामक अवतार में नजर आने वाले हैं।
कालीन भैया का साम्राज्य फिर करेगा वापसी
पंकज त्रिपाठी का चर्चित किरदार कालीन भैया भी फिल्म में अपने पुराने रौब और सत्ता के साथ लौट रहा है। पोस्टर में उनका रॉयल और दबंग अंदाज दिखाई दे रहा है। मेकर्स ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा—
“आपका स्वागत करते हैं बड़े पर्दे पर…”
फैंस को उम्मीद है कि कालीन भैया की वापसी के साथ सत्ता, साजिश और खून-खराबे का खेल फिर शुरू होगा।
मुन्ना भैया लौटे… क्योंकि ‘हम अमर हैं‘
सबसे बड़ा सरप्राइज दिव्येंदु शर्मा के किरदार मुन्ना भैया की वापसी है। सीरीज में मौत के बाद भी उनका पोस्टर रिलीज होना फैंस के लिए किसी बड़े ट्विस्ट से कम नहीं है।
पोस्टर पर लिखा गया है—
“हिंदी फिल्म के हीरो हैं हम… कहा था ना, हम अमर हैं।”
इस एक लाइन ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है कि आखिर मुन्ना भैया फिल्म में कैसे नजर आएंगे?
फिल्म में दिखेंगे कई बड़े ट्विस्ट
एक इंटरव्यू में अली फजल ने खुलासा किया था कि फिल्म की कहानी अतीत और वर्तमान के बीच घूमेगी। उन्होंने संकेत दिया कि फिल्म में कुछ ऐसे किरदार भी दिखाई देंगे, जो सीरीज में मर चुके हैं। यानी ‘मिर्जापुर द मूवी’ सिर्फ कहानी को आगे नहीं बढ़ाएगी, बल्कि कई अनसुलझे राज भी सामने लाएगी।
कब रिलीज होगी फिल्म?
- फिल्म: मिर्जापुर द मूवी
- निर्देशक: गुरमीत सिंह
- भाषाएं: हिंदी और तेलुगू
- टीजर रिलीज: कल दोपहर 12 बजे
- फिल्म रिलीज: 4 सितंबर 2026
- थिएटर रिलीज के बाद OTT पर भी होगी स्ट्रीम

