रायसेन:सलामतपुर क्षेत्र के सेमरा गांव में एक युवक द्वारा अति प्राचीन खेड़ापति माता मंदिर की मूर्ति खंडित करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो माता रानी की मूर्ति को क्षतिग्रस्त अवस्था में देखकर दंग रह गए। जैसे ही यह खबर गांव में फैली, ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया और मंदिर प्रांगण में भारी भीड़ जमा हो गई। आस्था के केंद्र पर हुए इस हमले से पूरे गांव में आक्रोश का माहौल निर्मित हो गया।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मंदिर के आसपास और मुख्य रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल शुरू की। फुटेज खंगालने पर गांव का ही युवक लखन लोधी संदिग्ध अवस्था में मंदिर के पास घूमता नजर आया। शंका के आधार पर जब ग्रामीणों और पुलिस ने उससे पूछताछ की, तो पहले वह खेत पर होने का बहाना बनाता रहा। जब उसे सीसीटीवी फुटेज दिखाए तो उसने शराब के नशे में धुत होकर मंदिर की मूर्ति खंडित करने का अपराध स्वीकार कर लिया।
थाने पहुंचे ग्रामीण, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
प्राचीन मूर्ति खंडित होने से आक्रोशित ग्रामीण सरपंच भानू लोधी के साथ सलामतपुर थाने पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और कड़ी सजा दिलाने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सलामतपुर थाना प्रभारी श्यामराज सिंह सोमवंशी ने पुलिस बल के साथ त्वरित कार्रवाई की और आरोपी लखन लोधी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 298 एवं 170 के तहत मामला दर्ज कर उसे रायसेन न्यायालय में पेश किया
ये भी पढ़े:कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार BMW ब्रिज से नीचे गिरी, 3 की मौत; एक युवक घायल
आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा
श्यामराज सिंह सोमवंशी, थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी लखन लोधी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर रायसेन न्यायालय में पेश कर दिया गया है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है।
उधर भानू लोधी, सरपंच, ग्राम पंचायत सेमरा का कहना है कि सुबह जैसे ही गांव के प्राचीन खेड़ापति माता मंदिर की मूर्ति खंडित होने की सूचना मिली, तुरंत पुलिस को अवगत कराया गया। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान संभव हो सकी। पुलिस प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

