अगर आप रायपुर से है तो 12:30 के बाद नहीं मना पाएगें न्यू ईयर, जानें क्या है वजह ?

शेयर करे

रायपुर। नए साल के जश्न को लेकर रायपुर पुलिस पूरी तरह से एक्शन मोड में है। बता दें 31 दिसंबर की रात 12:30 बजे के बाद किसी भी तरह की पार्टी या आयोजन की अनुमति नहीं होगी। जिसको लेकर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने साफ संदेश दिया है कि- नियम तोड़ने वालों के लिए इस बार जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।

12:30 तक ही मना पाएगें जश्न

अगर आप रायपुर के आउटर एरिया, फार्म हाउस, होटल या ढाबों में पार्टी की तैयारी कर रहे हैं, तो आपको यह जान लेना जरूरी है कि रात 12:00 से 12:30 बजे तक ही जश्न मनाना अनिवार्य होगा। नए साल पर पुलिस ने साफ कर दिया है कि तय समय के बाद कोई भी आयोजन जारी रहा तो आयोजकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नशे में ड्राइविंग करने पर सीधी गिरफ्तारी

नए साल के लेकर एसएसपी ने निर्देश दिए हैं कि- नशे में वाहन चलाने, हुड़दंग करने या सड़क पर उत्पात मचाने वालों को सीधे हिरासत में लिया जाएगा। ऐसे लोगों के लिए नए साल की शुरुआत घर पर नहीं, बल्कि थाने की चारदीवारी के भीतर होगी।

26 चेक पॉइंट्स पर अभेदसुरक्षा घेरा

राजधानी की सड़कों पर 31 दिसंबर की रात पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। शहर के एंट्री पॉइंट्स से लेकर प्रमुख चौक-चौराहों तक 26 हाई-अलर्ट चेक पॉइंट्स बनाए गए हैं। जिसमें अधूरे दस्तावेज, तेज रफ्तार और शराब के नशे में पकड़े जाने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

तेज साउंड पर और नशीले पदार्थों पर रोक

इस बार न्यू ईयर सेलिब्रेशन में डीजे की गूंज नहीं सुनाई देगी। पुलिस ने डीजे पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही रात 10 बजे के बाद किसी भी प्रकार के साउंड सिस्टम पर रोक रहेगी। पुलिस का साफ कहना है—जश्न करें, लेकिन दूसरों की शांति की कीमत पर नहीं।

सूत्रों अनुसार, हर पार्टी वेन्यू के प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य किया गया है। वहीं, ‘सूखे नशे’ यानी ड्रग्स को लेकर सबसे सख्त चेतावनी दी गई है कि- अगर किसी भी आयोजन स्थल पर नशीले पदार्थ पाए गए, तो आयोजक के साथ-साथ संस्थान का लाइसेंस भी तत्काल रद्द किया जाएगा।

पुलिस का लक्ष्य: सुरक्षित और शांत नववर्ष

बिना लाइसेंस शराब परोसने और अवैध बिक्री पर लगाम कसने के लिए पुलिस की विशेष टीम सिविल ड्रेस में तैनात रहेगी। संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

रायपुर पुलिस की इस सख्ती का मकसद है कि- नया साल सुरक्षित, शांत और खुशहाल माहौल में मनाया जाए, ताकि किसी के जश्न से दूसरे की परेशानी न बने।