नई दिल्ली: कॉरपोरेट जगत में अपने अनुभवों और विचारों को साझा करने के लिए आईआईएम काशीपुर के पूर्व विद्यार्थी दिल्ली में जुटे। जिसमें करीब 90 पूर्व विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों और संस्थान के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
भारतीय प्रबंध संस्थान यानी आईआईएम काशीपुर ने अपने पूर्व विद्यार्थियों के साथ जुड़ाव को मजबूत करने के उद्देश्य से दिल्ली सिटी मीट 26 का आयोजन किया। संस्थान की एलुमनाई रिलेशंस कमेटी यानी ARC की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में कॉरपोरेट जगत के अनुभवों, विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और पूर्व विद्यार्थी समुदाय की भूमिका पर चर्चा हुई।
बेहतर संवाद और सहयोग बढ़ाने पर जोर
बैठक में इस बात पर विचार-विमर्श किया गया कि उद्योग जगत में काम कर रहे पूर्व विद्यार्थी अपने अनुभवों के जरिए वर्तमान विद्यार्थियों को किस तरह मार्गदर्शन दे सकते हैं। साथ ही, संस्थान और उसके पूर्व विद्यार्थियों के बीच बेहतर संवाद और सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। आयोजन के जरिए आईआईएम काशीपुर ने अपने पूर्व विद्यार्थी नेटवर्क को मजबूत करने और संस्थान, विद्यार्थियों तथा उद्योग जगत के बीच संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में पहल की
पूर्व विद्यार्थियों ने अपने पेशेवर अनुभव साझा किए
इस आयोजन ने विभिन्न बैचों के पूर्व विद्यार्थियों को अपने पेशेवर अनुभव साझा करने और एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर प्रदान किया। चर्चा में इस बात पर प्रकाश डाला गया कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत पूर्व विद्यार्थी वर्तमान विद्यार्थियों को उद्योग की अपेक्षाओं को समझने, करियर के विकल्पों की जानकारी प्राप्त करने और कक्षा से बाहर के व्यावहारिक अनुभवों से सीखने में मदद कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें: CJP के सौरव दास और आशुतोष रांका की कमाई पर उठे सवाल? जानिए कहां करते थे नौकरी और कितनी है संपत्ति
कार्यक्रम को प्रो. कुनाल गांगुली ने किया संबोधित
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. कुनाल गांगुली ने कहा, आईआईएम काशीपुर के लिए एक सशक्त पूर्व विद्यार्थी तंत्र का विकास संस्थान की प्रगति, उद्योग जगत के साथ सहभागिता, विद्यार्थियों की सफलता तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। पूर्व विद्यार्थियों को केवल संस्थान के अतीत के लाभार्थियों के रूप में नहीं, बल्कि उसके भविष्य को आकार देने में भागीदार के रूप में देखा जाना चाहिए।

