मुंबई। बॉलीवुड के एक्शन स्टार सनी देओल और दमदार अभिनेता अक्षय खन्ना की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘इक्का’ अब रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म 10 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। रिलीज से पहले ही फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा है, क्योंकि सनी देओल करीब 34 साल बाद एक बार फिर कोर्टरूम ड्रामा में वकील के किरदार में नजर आने वाले हैं।
‘दामिनी‘ के बाद फिर कोर्ट में गूंजेगी सनी देओल की आवाज
जानकारी अनुसार, साल 1993 में रिलीज हुई फिल्म ‘दामिनी’ में सनी देओल ने अपने दमदार वकील वाले किरदार से दर्शकों का दिल जीत लिया था। अब तीन दशक से ज्यादा समय बाद वह ‘इक्का’ में फिर कानून की लड़ाई लड़ते दिखाई देंगे। फिल्म के टीज़र में सनी देओल और अक्षय खन्ना आमने-सामने नजर आए हैं। दोनों के बीच की टक्कर ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें-
जल्द ही दूल्हा बनेंगे अभिनेता अर्जुन कपूर
‘धुरंधर‘ के बाद अक्षय खन्ना की पहली फिल्म
वहीं ‘इक्का’ को लेकर एक और बड़ी वजह चर्चा में है। ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ में अपने किरदार से सुर्खियां बटोरने के बाद अक्षय खन्ना की यह पहली रिलीज है। ऐसे में फैंस उन्हें एक नए अंदाज में देखने के लिए उत्साहित हैं। फिल्म में सनी देओल और अक्षय खन्ना के बीच कोर्टरूम की बहस और आमने-सामने की भिड़ंत कहानी का सबसे बड़ा आकर्षण मानी जा रही है।
BTS तस्वीरों ने बढ़ाया फैंस का उत्साह
बता दें फिल्म के निर्देशक सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने हाल ही में शूटिंग के दौरान की कुछ बिहाइंड द सीन (BTS) तस्वीरें और यादें सोशल मीडिया पर साझा कीं। पोस्ट में उन्होंने सनी देओल के भरोसे, अक्षय खन्ना की शानदार अदाकारी, दिया मिर्ज़ा के समर्पण और तिलोत्तमा शोम के सहयोग की जमकर तारीफ की। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद फिल्म को लेकर फैंस का उत्साह और बढ़ गया है।
किसका पलड़ा रहेगा भारी?
अब सभी की निगाहें 10 जुलाई पर टिकी हैं। एक तरफ कोर्टरूम में सनी देओल का दमदार अंदाज होगा तो दूसरी तरफ अक्षय खन्ना की तीखी मौजूदगी। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि ओटीटी पर रिलीज होने वाली यह फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।

