भोपाल: राजधानी भोपाल में बुधवार को झांकियों के चल समारोह निकलेंगे, जो रात तक चलेंगे। इसके चलते ट्रैफिक पुलिस ने रूट प्लान जारी किया है। कई रास्तों पर रात 10 बजे तक प्रतिबंध या ट्रैफिक का दबाव रहेगा। इसके चलते लोगों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
शहर में 7 हजार से अधिक प्रतिमाओं का विसर्जन होना है, जो गुरुवार को भी जारी रहेगा। प्रशासन ने खटलापुरा, प्रेमपुरा, बैरागढ़, हथाईखेड़ा, शाहपुरा, आर्च ब्रिज, मालीखेड़ी, सीहोर नाका, अनंतपुरा, ईंटखेड़ी और नरोन्हा सांकल सहित प्रमुख घाटों पर व्यवस्थाएं की हैं।
भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की गई
भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की गई है। करीब 5 हजार अधिकारी-कर्मचारी सुरक्षा, सफाई और विसर्जन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। घाटों पर गोताखोरों के साथ क्रेन, जेसीबी और लाइफ जैकेट की व्यवस्था भी की गई है।
रात 8 बजे से निकलेंगा चल समारोह
दुर्गा प्रतिमाओं की झांकियां रात 8 बजे से निकलेंगी। मुख्य चल समारोह भारत टॉकीज तिराहा, सेंट्रल लाइब्रेरी, इतवारा चौराहा, गणेश चौक मंगलवारा, गल्ला मंडी हनुमानगंज, छोटे भैया चौराहा, जनकपुरी, जुमेराती, पुराना पोस्ट ऑफिस, सिंधी मार्केट, पीरगेट, मोती मस्जिद, रेतघाट और कमला पार्क से होकर कमलापति घाट पहुंचेगा।
कुछ झांकियां पॉलीटेक्निक चौराहा, डिपो चौराहा और 25वीं वाहिनी के सामने से भदभदा तिराहा होते हुए प्रेमपुरा घाट जाएंगी। चल समारोह के आगे बढ़ने के साथ अलग-अलग मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध लागू होंगे।
ये भी पढ़ें: अब प्रदेश सरकार बॉम्बार्डियर चैलेंजर 3500 विमान में यात्रा करेगी
रूट डायवर्ट किए गए
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की झांकियों का चल समारोह रात 8 बजे से शुरू होगा। यह भारत टॉकीज तिराहा, सेंट्रल लाइब्रेरी, इतवारा चौराहा, गणेश चौक मंगलवारा, गल्ला मंडी हनुमानगंज, छोटे भैया चौराहा, जनकपुरी, जुमेराती, पुराना पोस्ट ऑफिस, सिंधी मार्केट, पीरगेट, मोती मस्जिद, रेतघाट, कमला पार्क से होकर कमलापति घाट पर समाप्त होंगे।
साथ ही कुछ झांकियां पॉलीटेक्निक चौराहा से डिपो चौराहा, 25वीं वाहिनी के सामने भदभदा तिराहा होकर प्रेमपुरा घाट विसर्जन के लिए जाएंगी। इसके चलते रूट डायवर्ट किए हैं।
शुक्रवार सुबह 8 बजे तक खजूरी सड़क, मुबारकपुर, लांबाखेड़ा चौराहा, इस्लाम नगर, चौपड़ा कला चौराहा, पटेल नगर, 11 मील, रातीबड़, लालघाटी, नूरगंज तिराहा, एयरपोर्ट चौराहा, करोंद चौराहा, भानपुर चौराहा और रत्नागिरी से आगे शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
बुधवार शाम 5 बजे के बाद भारत टॉकीज चौराहा, अल्पना तिराहा, नादरा बस स्टैंड चौराहा और भोपाल टॉकीज चौराहा के बीच सिटी बस, मैजिक और चार पहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ये वाहन भारत टॉकीज से अल्पना तिराहा और नादरा बस स्टैंड से भोपाल टॉकीज की ओर नहीं जा सकेंगे।
शाम 6 बजे से मंगलवारा थाना तिराहा, दयानंद चौक, जुमेराती पानी की टंकी तिराहा और पुरानी सब्जी मंडी की ओर से घोड़ा नक्कास व बस स्टैंड की तरफ वाहन नहीं जा सकेंगे। नादरा बस स्टैंड और भारत टॉकीज के बीच झांकियों के गुजरने के दौरान भी यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

