भोपाल: बीना और आगासौद के बीच तीसरी रेल लाइन जोड़ने के लिए चल रहे यार्ड रीमॉडलिंग कार्य का असर रेल यात्रियों पर पड़ेगा। पश्चिम मध्य रेलवे ने भोपाल मंडल से होकर गुजरने वाली 20 यात्री ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में रद्द करने का निर्णय लिया है। इनमें भोपाल-ग्वालियर इंटरसिटी, जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन श्रीधाम एक्सप्रेस, भोपाल-दमोह राज्यरानी और भोपाल-खजुराहो महामना एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं।
बीना और आगासौद के बीच यार्ड रीमॉडलिंग का काम चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। इसके तहत प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग का काम 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक चलेगा। ट्रेनों पर इसका असर 20 सितंबर से शुरू होगा। कुछ ट्रेनें सितंबर के अंत तक, जबकि कई ट्रेनें अक्टूबर के मध्य तक अलग-अलग तारीखों में रद्द रहेंगी।
इन ट्रेनों पर पड़ेगा असर
- ललितपुर-बीना और बीना-ललितपुर मेमू 20 सितंबर से 15 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी।
- जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन श्रीधाम एक्सप्रेस 26 सितंबर से 14 अक्टूबर तक और वापसी की ट्रेन 27 सितंबर से 15 अक्टूबर तक निरस्त रहेगी।
- भोपाल-ग्वालियर इंटरसिटी और ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी 1 से 15 अक्टूबर तक नहीं चलेंगी।
- भोपाल-दमोह राज्यरानी एक्सप्रेस 9 से 15 अक्टूबर और वापसी की ट्रेन 10 से 16 अक्टूबर तक रद्द रहेगी।
- भोपाल-खजुराहो और खजुराहो-भोपाल महामना एक्सप्रेस 15 अक्टूबर को निरस्त रहेंगी।
- रानी कमलापति-संतरागाछी हमसफर 14 अक्टूबर और वापसी की ट्रेन 15 अक्टूबर को रद्द रहेगी।
ग्वालियर-एसएमवीटी बेंगलुरु और वापसी की ट्रेन अक्टूबर में निर्धारित दो-दो यात्राओं पर निरस्त रहेगी।
यह भी पढ़ें: फ्लाइट-वीजा का खर्च निकालकर भी बच रहे हजारों! दुबई से iPhone 18 Pro खरीदना भारतीयों को क्यों पड़ रहा सस्ता?
तीसरी लाइन से बढ़ेगी रेल परिचालन क्षमता
बीना और आगासौद के यार्ड में रीमॉडलिंग का काम पूरा होने के बाद तीसरी रेल लाइन को मौजूदा व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। रेलवे के अनुसार इससे ट्रेनों के संचालन और ठहराव का बेहतर प्रबंधन हो सकेगा। साथ ही भविष्य में बढ़ने वाले रेल यातायात को संभालने में भी मदद मिलेगी।
रेल प्रशासन ने सितंबर और अक्टूबर में बीना होकर यात्रा करने वाले यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। यात्रियों को ट्रेन के मार्ग, ठहराव, प्रस्थान और गंतव्य स्टेशन से जुड़ी जानकारी भी पहले से देखने की सलाह दी गई है।

