बालाघाट। मंगलवार को कलेक्ट्रेट जनसुनवाई के दौरान एक महिला पेट्रोल और माचिस लेकर पहुंची। उसने अपनी शिकायत पर सुनवाई न होने पर आत्मदाह की धमकी दी। महिला के मीडिया के सामने अपनी परेशानी बताने पर अधिकारी कक्ष से बाहर आए और उससे बात की।
एक साल से परेशान महिला
वारासिवनी के सिकंद्रा निवासी नौशाद कुरैशी ने बताया कि वह पिछले एक साल से अपनी जमीन के सीमांकन को लेकर परेशान है। उनका आरोप है कि जनसुनवाई में लगातार आवेदन देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी बताया कि सीएम हेल्पलाइन में की गई शिकायत को भी जबरन बंद करा दिया गया।
पड़ोसी पर बिना सीमांकन कराए मकान का निर्माण का आरोप
नौशाद कुरैशी की शिकायत है कि उनके पड़ोसी किशोर कटरे द्वारा बिना सीमांकन कराए मकान का निर्माण किया जा रहा है। उनका दावा है कि इस निर्माण से उनकी जमीन का कुछ हिस्सा भी प्रभावित हो रहा है, जिसके कारण वह अपनी जमीन का सीमांकन करवाना चाहती हैं।
एसडीएम ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
अधिकारियों ने महिला को भरोसा दिलाया है कि बुधवार को उनकी जमीन का सीमांकन किया जाएगा। एसडीएम कार्तिकेय जायसवाल ने बताया कि यह प्रकरण काफी पुराना है और लंबे समय से लंबित है। उन्होंने कहा कि इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे मीडिया के साथ साझा किया जाएगा। महिला ने चेतावनी दी है कि यदि बुधवार तक उनकी जमीन का सीमांकन नहीं होता है, तो वह आत्मदाह कर लेंगी।


