मैहर/सतना: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खण्डेलवाल रविवार को मैहर और सतना पहुंचे। यहां उन्होंने जिला बैठकों में कार्यकर्ताओं से संवाद किया और सेवा संकल्प अभियान व सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, मध्यप्रदेश में विकास, धार्मिक पर्यटन और आने वाले चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा की।
जनता और सरकार के बीच सेतु बनें कार्यकर्ता
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और कार्यकर्ता ही इसकी सबसे मजबूत कड़ी हैं। कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल पार्टी के कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है। उन्हें जनता की समस्याएं सरकार तक और सरकार की योजनाएं जनता तक पहुंचाने का काम भी करना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे नई पीढ़ी को वर्ष 2003 से पहले के मध्यप्रदेश की स्थिति और उसके बाद प्रदेश में हुए बदलावों के बारे में बताएं। साथ ही जिन पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है, उनकी समस्या संबंधित स्तर तक पहुंचाने में मदद करें।
खण्डेलवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास कुशासन का इतिहास है, जबकि भाजपा के पास विकास का विजन है। उन्होंने कांग्रेस को परिवार आधारित पार्टी बताते हुए कहा कि भाजपा ने अपनी मूल विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया।
मैहर में धार्मिक पर्यटन और उद्योग पर जोर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में उद्योग और निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
मैहर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र मां शारदा की आस्था के साथ ही मैहर घराने की शास्त्रीय संगीत परंपरा के लिए भी जाना जाता है। धार्मिक स्थलों के विकास से पर्यटन बढ़ने के साथ स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी फायदा मिलेगा।
उन्होंने केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया। खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अर्थव्यवस्था, तकनीक, डिजिटल सेवाओं और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
हर बूथ पर मजबूती का दिया संदेश
बैठक में खण्डेलवाल ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों की तैयारियों में जुटने को कहा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपने क्षेत्र के हर बूथ पर संगठन को मजबूत करें और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं तथा कामों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।
उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि अगर कांग्रेस राष्ट्रवादी पार्टी होती तो उसके नेता विदेश जाकर भारत की आलोचना नहीं करते। उन्होंने कहा कि भाजपा एक समय केवल दो सांसदों वाली पार्टी थी, लेकिन उसने अपनी विचारधारा नहीं छोड़ी और कार्यकर्ताओं की मेहनत से आज संगठन मजबूत स्थिति में पहुंचा है।
यह भी पढ़ें: बदल रही दुनिया में पुराने गठजोड़ काफी नहीं, जयशंकर बोले- साथ काम करने के लिए हर मुद्दे पर सहमति जरूरी नहीं
पौधारोपण, गौसेवा और वृद्धजनों के स्वास्थ्य शिविर में हुए शामिल
मैहर-सतना दौरे पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने रविदास आश्रम में पौधारोपण और स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया, मां शारदा धाम में दर्शन किए। बड़ा अखाड़ा में पूजन, रामसखेन्द्र गौशाला में गौसेवा और वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य शिविर में शामिल हुए।
उन्होंने जिला बैठक, हरनामपुर में बन रहे भाजपा कार्यालय का निरीक्षण और सतना में सेवा सेतु अभियान में हितग्राहियों से संवाद किया। पं. दीनदयाल उद्यान में प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पौधारोपण भी किया।

