Sunday, June 21, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsIND A vs SL A Final: वैभव सूर्यवंशी का तूफान, भारत A...

IND A vs SL A Final: वैभव सूर्यवंशी का तूफान, भारत A बना ट्राई सीरीज चैंपियन

कोलंबो। भारतीय क्रिकेट को एक और उभरता सितारा मिल गया है। महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि श्रीलंका A की पूरी टीम उसके सामने बौनी नजर आई। भारत A ने ट्राई सीरीज के फाइनल मुकाबले में श्रीलंका A को 66 रन से हराकर शानदार अंदाज में ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

बता दें इस जीत के सबसे बड़े हीरो रहे बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उनकी धमाकेदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

11 गेंदों में ठोका अर्धशतक

जानकारी अनुसार, फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत A की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर शुरुआत से ही हमला बोल दिया। युवा बल्लेबाज ने महज 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिस्ट-A क्रिकेट का नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। इसके साथ ही उन्होंने श्रीलंका के कौशल्य वीररत्ने का 21 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। वैभव ने अपनी 94 रन की पारी में चौकों और छक्कों की बरसात कर दी। एक्स्ट्रा कवर के ऊपर लगाए गए उनके दर्शनीय छक्के दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे।

प्रियांश और वैभव की 132 रन की विस्फोटक साझेदारी

वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्य ने पहले विकेट के लिए 132 रन जोड़कर भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई। प्रियांश ने भी 39 रन का अहम योगदान दिया। हालांकि वैभव अपने शतक से सिर्फ 6 रन दूर रह गए और स्पिनर सहान अरच्चिगे की गेंद पर कैच आउट हो गए। इसके बाद श्रीलंका A ने कुछ हद तक वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

कप्तान तिलक वर्मा ने संभाली पारी

वहीं वैभव के आउट होने के बाद कप्तान तिलक वर्मा ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 90 गेंदों में 67 रन की संयमित पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर की ओर बढ़ाया। ऋतुराज गायकवाड़ ने 40 रन बनाए, जबकि अंतिम ओवरों में अनुकूल रॉय ने 15 गेंदों में 39 और विप्रज निगम ने 20 गेंदों में 27 रन बनाकर तेज गति से रन जोड़े। भारत A ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 377 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

श्रीलंका A की कोशिश नाकाम

378 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका A की टीम ने संघर्ष जरूर किया। कप्तान सदीरा समरविक्रमा ने 52 रन और वानुजा सहान ने 62 रन की उपयोगी पारी खेली, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर मुकाबले को पूरी तरह अपने नियंत्रण में रखा।भारत की ओर से यश ठाकुर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए, जबकि विप्रज निगम ने 2 विकेट झटके। श्रीलंका A की पूरी टीम 311 रन पर सिमट गई और भारत A ने मुकाबला 66 रन से जीतकर ट्राई सीरीज का खिताब अपने नाम कर लिया।

भारत को मिला भविष्य का सुपरस्टार

पूरे टूर्नामेंट में भले ही वैभव सूर्यवंशी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए थे, लेकिन फाइनल जैसे बड़े मंच पर उन्होंने दिखा दिया कि आखिर क्यों उन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सितारा माना जा रहा है। 15 साल की उम्र में रिकॉर्ड तोड़ बल्लेबाजी, बेखौफ अंदाज और बड़े मैच में बड़ा प्रदर्शन वैभव सूर्यवंशी ने एक ही पारी में करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया।

मैच का स्कोरकार्ड

भारत A – 377/9 (50 ओवर)
वैभव सूर्यवंशी 94 (29)
तिलक वर्मा 67
प्रियांश आर्य 39
अनुकूल रॉय 39

श्रीलंका A – 311 ऑल आउट
वानुजा सहान 62
सदीरा समरविक्रमा 52

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal- 21 to 27 June 2026
Bhopal – 14 to 20 june 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन