आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप के सुपर-6 मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान के सामने 253 रनों का चैलेंजिंग टारगेट रखा है। यह मैच सिर्फ जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सेमीफाइनल क्वालिफिकेशन का पूरा समीकरण जुड़ा हुआ है। अगर पाकिस्तान 33.4 ओवर के भीतर यह लक्ष्य हासिल कर लेता है, तो वह सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। वहीं भारत अगर पाकिस्तान को इतने ओवरों में लक्ष्य तक पहुंचने से रोक देता है, तो टीम इंडिया हार के बावजूद सेमीफाइनल का टिकट कटा लेगी, हालांकि वह ग्रुप में दूसरे नंबर पर रहेगी।
भारत की सधी हुई शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को वैभव सूर्यवंशी और एरोन जॉर्ज ने पॉजिटिव स्टार्ट दिलाया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 46 गेंदों में 47 रन जोड़े। लेकिन इसके बाद भारत को लगातार झटके लगे। महज 47 रन पर भारत के तीन विकेट गिर चुके थे और टीम प्रेशर में आ गई थी।
वेदांत-विहान की पार्टनरशिप ने संभाला मोर्चा
मुश्किल हालात में वेदांत और विहान ने चौथे विकेट के लिए 62 रनों की अहम साझेदारी की। हालांकि, पिछले मैच के शतकवीर विहान इस बार बड़ी पारी नहीं खेल सके और 21 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विकेटकीपर अभिज्ञान कुंड्डू भी 16 रन ही जोड़ सके। वेदांत ने एक छोर संभाले रखा और शानदार अर्धशतक जमाया, लेकिन 68 रन के स्कोर पर वह भी आउट हो गए।
कनिष्क और खिलान की तेज बल्लेबाजी
पारी के आखिरी ओवरों में कनिष्क चौहान और खिलान पटेल ने तेजी से रन बटोरे और करीब 50 रनों की पार्टनरशिप करते हुए भारत का स्कोर 250 के पार पहुंचा। भारत ने 50 ओवर में 252 रन बनाए और पाकिस्तान को जीत के लिए 253 का लक्ष्य दिया।
अब सबकी नजरें भारत की गेंदबाजी पर
अब मुकाबले का सारा दारोमदार भारतीय गेंदबाजों पर है, जो पाकिस्तान को तेज रन बनाने से रोककर टीम इंडिया को सेमीफाइनल की रेस में बनाए रखने की कोशिश करेंगे.


