कोलंबो: भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेला जाएगा। गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में भारत ने श्रीलंका को 165 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
अब भारतीय टीम की नजर दूसरे टेस्ट में जीत दर्ज कर सीरीज 2-0 से अपने नाम करने पर होगी। वहीं, श्रीलंका टीम घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर सीरीज बराबर करने की कोशिश करेगी।
यशस्वी से बड़ी पारी की उम्मीद
यशस्वी जायसवाल इस टेस्ट में बड़ी पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत देने का प्रयास करेंगे। गॉल टेस्ट में उन्होंने पहली पारी में 32 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में 11 रन पर रन आउट हो गए। ऐसे में कोलंबो में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
3,000 टेस्ट रन के करीब शुभमन गिल
भारतीय कप्तान शुभमन गिल के पास दूसरे टेस्ट में व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल करने का मौका है। उनके टेस्ट करियर में 3,000 रन पूरे करने के लिए महज 7 रन की जरूरत है।
तीसरे स्पिनर को लेकर सस्पेंस
भारतीय टीम के प्लेइंग-11 में तीसरे स्पिनर के स्थान को लेकर चर्चा बनी हुई है। गॉल टेस्ट में कुलदीप यादव ने 11 ओवर गेंदबाजी की और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। दूसरे टेस्ट के लिए कुलदीप की जगह सारांश जैन को मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है।
मानव सुथार पर रहेंगी सबसे ज्यादा नजरें
पहले टेस्ट के सबसे बड़े सितारों में से एक मानव सुथार रहे। उन्होंने गॉल में दोनों पारियों में कुल 10 विकेट लेकर भारत की 165 रन की जीत में अहम भूमिका निभाई। दूसरी पारी में उन्होंने 6 विकेट लिए, जबकि पहली पारी में 4 विकेट उनके खाते में आए।
सुथार के प्रदर्शन की कप्तान शुभमन गिल भी तारीफ कर चुके हैं। अब कोलंबो की पिच पर एक बार फिर उनकी गेंदबाजी भारतीय टीम के लिए अहम साबित हो सकती है।
शुरुआत में बल्लेबाजों को मिल सकती है मदद
सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब की पिच पर शुरुआती दौर में बल्लेबाजों के लिए परिस्थितियां बेहतर रहने की उम्मीद है। मैच आगे बढ़ने के साथ पिच में बदलाव और स्पिनरों को मिलने वाली मदद मुकाबले का रुख तय कर सकती है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी कर बोर्ड पर बड़ा स्कोर खड़ा करने की कोशिश कर सकती है।
भारत के पास सीरीज जीतने का मौका
पहले टेस्ट में 165 रन की बड़ी जीत के बाद भारतीय टीम आत्मविश्वास से भरी है। मानव सुथार की शानदार गेंदबाजी और देवदत्त पडिक्कल की 167 रन की पारी ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
अब कोलंबो टेस्ट में टीम इंडिया के सामने सीरीज पर कब्जा करने का मौका है, जबकि श्रीलंका के लिए यह मुकाबला सीरीज बचाने के लिहाज से बेहद अहम होगा।

