नई दिल्ली: देश में डेंगू से बचाव की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने भारत की पहली डेंगू वैक्सीन Qdenga® को मंजूरी दे दी है। इस वैक्सीन का निर्माण जर्मनी की Takeda GmbH ने किया है, जबकि भारत में इसका आयात और वितरण Takeda Biopharmaceuticals India Pvt. Ltd. करेगी।
4 से 60 वर्ष के लोगों को लगेगी वैक्सीन
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, यह वैक्सीन 4 से 60 वर्ष आयु वर्ग के लोगों के लिए स्वीकृत की गई है। वैक्सीन की दो डोज़ दी जाएंगी, जिनमें दूसरी डोज़ पहली डोज़ के तीन महीने बाद लगाई जाएगी।
वैज्ञानिक जांच के बाद मिली मंजूरी
मंत्रालय ने बताया कि CDSCO ने गुणवत्ता, सुरक्षा और प्रभावशीलता के सभी वैज्ञानिक मानकों की विस्तृत समीक्षा के बाद इस वैक्सीन को मंजूरी दी है। Qdenga® एक रिकॉम्बिनेंट लाइव एटेन्यूएटेड टेट्रावैलेंट डेंगू वैक्सीन है, जिसे आधुनिक डीएनए तकनीक के माध्यम से विकसित किया गया है। यह शरीर में डेंगू वायरस के चारों प्रकारों के खिलाफ प्रतिरक्षा विकसित करने में मदद करती है।
ये भी पढ़े जंतर-मंतर पर फिर जुटे Cockroach Janata Party के समर्थक, आज फिर संसद मार्च का ऐलान
कई देशों में हुए क्लीनिकल ट्रायल
इस वैक्सीन की प्रभावशीलता और सुरक्षा का मूल्यांकन कई देशों में बड़े पैमाने पर किए गए क्लीनिकल ट्रायल के जरिए किया गया। ब्राज़ील, थाईलैंड, श्रीलंका सहित आठ से अधिक देशों में इसके परीक्षण किए गए। भारत में भी 4 से 60 वर्ष आयु वर्ग के लोगों पर फेज़-3 क्लीनिकल अध्ययन में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए।
42 देशों में पहले से मिल चुकी है मंजूरी
Qdenga® को पहले ही यूरोपीय संघ, ब्रिटेन, स्विट्ज़रलैंड, इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड समेत 42 देशों में नियामकीय मंजूरी मिल चुकी है। इसके अलावा, इसे विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की प्रीक्वालिफिकेशन भी प्राप्त है। दुनिया भर में अब तक इस वैक्सीन की 2.4 करोड़ (24 मिलियन) से अधिक डोज़ दी जा चुकी हैं और अब तक इसके उपयोग से कोई बड़ी सुरक्षा संबंधी चिंता दर्ज नहीं की गई है।
डेंगू नियंत्रण अभियान को मिलेगी मजबूती
स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसे भारत के सार्वजनिक स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। मंत्रालय का कहना है कि, इस वैक्सीन के शामिल होने से डेंगू की रोकथाम के लिए पहले से चल रहे मच्छर नियंत्रण अभियान, निगरानी, समय पर जांच और बेहतर उपचार जैसी रणनीतियों को और मजबूती मिलेगी।
सरकार ने जताई प्रतिबद्धता
मंत्रालय ने दोहराया कि सरकार वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप सुरक्षित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण वैक्सीन एवं दवाएं समय पर लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

