Sunday, November 1, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsकबड्डी में भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन, पुरुष और महिला दोनों टीमों ने...

कबड्डी में भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन, पुरुष और महिला दोनों टीमों ने जीता गोल्ड

अहमदाबाद: भारतीय कबड्डी के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। पहली Commonwealth Kabaddi Championship 2026 में भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमों ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबलों में भारतीय पुरुष टीम ने श्रीलंका को 54-20 से हराया, जबकि महिला टीम ने युगांडा को 35-15 से मात दी। दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना अभियान अजेय रखा।

पुरुष टीम ने श्रीलंका को 54-20 से हराया

पुरुष वर्ग के फाइनल में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी। भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पहले हाफ में 30-10 की बढ़त बना ली थी। इसके बाद दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अपना दबदबा कायम रखा और मुकाबला 54-20 से जीत लिया।

भारत की ओर से आदित्य शिंदे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 रेड पॉइंट हासिल किए। उन्होंने अपनी रेडिंग से श्रीलंकाई डिफेंस पर लगातार दबाव बनाया। वहीं भरत हुड्डा ने आठ रेड पॉइंट हासिल किए। पंकज मोहिते ने छह और कप्तान नवीन कुमार ने पांच अंक जोड़े।

डिफेंस में योगेश दहिया ने भी शानदार खेल दिखाया। उन्होंने पांच सफल टैकल करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

महिला टीम ने युगांडा को 35-15 से हराया

महिला वर्ग के फाइनल में भी भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाया। भारत ने युगांडा को 35-15 से हराकर खिताब अपने नाम किया। मुकाबले के पहले हाफ में भारतीय टीम ने 22-7 की बढ़त बना ली थी। भारतीय टीम की ओर से साक्षी ने सबसे ज्यादा नौ रेड पॉइंट हासिल किए। अनु ने छह और कप्तान निधि शर्मा ने पांच अंक जोड़े। डिफेंस में रितु और सुमन ने चार-चार टैकल पॉइंट हासिल किए।

युगांडा की टीम ने दूसरे हाफ में वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी बढ़त बनाए रखी और मुकाबला जीत लिया।

दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में नहीं हारा कोई मुकाबला

भारत के लिए इस चैंपियनशिप की सबसे खास बात यह रही कि पुरुष और महिला दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मुकाबला नहीं गंवाया।

पुरुष टीम ने फाइनल तक पहुंचने के दौरान लगातार आठ मुकाबले जीते। सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 56-27 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। इसके बाद श्रीलंका को हराकर खिताब अपने नाम किया।

वहीं महिला टीम ने भी लगातार छह मुकाबले जीतकर चैंपियनशिप का खिताब हासिल किया। सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को 39-14 से हराया था।

अहमदाबाद में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस प्रतियोगिता में भारतीय टीमों को दर्शकों का अच्छा समर्थन मिला। दोनों वर्गों में गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारतीय कबड्डी खिलाड़ियों की उपलब्धि की चर्चा खेल जगत में हो रही है।

इस चैंपियनशिप में पुरुष और महिला दोनों टीमों का अजेय रहना भारतीय कबड्डी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की कबड्डी ताकत को सामने रखा है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन