नई दिल्ली: भारत ने 2026 बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीत के साथ अभियान की शुरुआत की है। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेले जा रहे टूर्नामेंट के मेंस डबल्स के पहले दौर में हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन की जोड़ी ने आयरलैंड के स्कॉट गिल्डिया और पॉल रेनॉल्ड्स को मात दी।
भारतीय जोड़ी ने पहला गेम 21-16 से अपने नाम किया। दूसरे गेम में भी हरिहरन और अर्जुन 6-4 से आगे चल रहे थे, तभी आयरलैंड की जोड़ी ने चोट के कारण मुकाबले से हटने का फैसला किया। इसके साथ ही भारतीय जोड़ी ने अगले दौर में जगह बना ली।
17 साल बाद भारत में वर्ल्ड चैंपियनशिप
2026 बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप का आयोजन 17 से 23 अगस्त तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में किया जा रहा है। भारत में 17 साल बाद इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की वापसी हुई है। देश ने इससे पहले 2009 में वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी की थी।
पीवी सिंधु भी आज उतरेंगी
भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु महिला सिंगल्स में आयरलैंड की सोफिया नोबल के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। सिंधु के नाम वर्ल्ड चैंपियनशिप में अब तक पांच पदक हैं। वह इस बार रिकॉर्ड छठा पदक जीतने के इरादे से कोर्ट पर उतरेंगी।
आयुष शेट्टी के सामने डिफेंडिंग चैंपियन
भारत के आयुष शेट्टी के सामने पहले दौर में ही कड़ी चुनौती होगी। उनका मुकाबला चीन के टॉप सीड और मौजूदा चैंपियन शी यू ची से होगा।
दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक तीन मुकाबले खेले गए हैं और तीनों में शी यू ची ने जीत दर्ज की है। ऐसे में आयुष शेट्टी के लिए यह मुकाबला चुनौतीपूर्ण रहने वाला है।
नई दिल्ली में हो रही इस चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों से घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

