गोरखपुर: गोरखपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो की एक फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से आ रहे विमान का पिछला हिस्सा (टेल) रनवे से टकरा गया। इसके बाद पायलट ने सुरक्षा को देखते हुए विमान को तुरंत दोबारा हवा में ले लिया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से क्लियरेंस मिलने के बाद दूसरी कोशिश में विमान को सुरक्षित उतार लिया गया।
यह घटना 19 अगस्त की बताई जा रही है। इंडिगो की फ्लाइट 6E-2381 में क्रू मेंबर्स समेत कुल 178 लोग सवार थे। लैंडिंग के बाद नियमित तकनीकी जांच में विमान के पिछले हिस्से में ऑक्जिलरी पावर यूनिट (APU) के पास खरोंच के निशान मिले।
जांच और मरम्मत के लिए विमान सेवा से हटाया
घटना के बाद विमान को एहतियातन अस्थायी रूप से सेवा से हटा दिया गया है। फिलहाल उसकी तकनीकी जांच और आवश्यक मरम्मत की जा रही है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, तकनीकी मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान के लिए शामिल किया जाएगा।
इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा कि विमान को गो-अराउंड कर दोबारा हवा में ले जाने का फैसला पूरी तरह यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया था। कंपनी ने कहा कि सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
दूसरी फ्लाइट साढ़े पांच घंटे देरी से रवाना
इस घटना का असर गोरखपुर से दिल्ली जाने वाली दूसरी इंडिगो फ्लाइट 6E-5013 पर भी पड़ा। एयरपोर्ट डायरेक्टर संजय कुमार के अनुसार, यह फ्लाइट निर्धारित समय से करीब पांच घंटे 30 मिनट की देरी से रवाना हुई।
लंबी देरी के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। इससे कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट और अन्य जरूरी कार्यक्रम भी प्रभावित हुए।

