न्यूयॉर्क: ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका पहुंच गए हैं। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण इस बार उनका दौरा खास चर्चा में है। उनके संबोधन में युद्ध, परमाणु मुद्दे और क्षेत्रीय तनाव जैसे विषय उठने की संभावना जताई जा रही है।
पेजेशकियान के साथ ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और अन्य अधिकारी भी न्यूयॉर्क पहुंचे हैं। अमेरिकी प्रशासन ने ईरानी प्रतिनिधिमंडल की सुरक्षा के साथ उसकी आवाजाही को लेकर भी विशेष व्यवस्था की है।
न्यूयॉर्क में आवाजाही पर पाबंदियां
रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरानी राष्ट्रपति और उनकी टीम को न्यूयॉर्क में खुलेआम घूमने की छूट नहीं होगी। वे सिर्फ UN हेडक्वार्टर, ईरान के UN मिशन और तय किए गए रास्तों पर ही जा सकेंगे।
इन जगहों से बाहर निकलने के लिए अमेरिकी विदेश विभाग से इजाजत लेनी होगी। साथ ही ईरानी टीम पर कुछ चीजें खरीदने को लेकर भी पाबंदी रहेगी।
सुरक्षा में कई अमेरिकी एजेंसियां
UNGA के दौरान विदेशी नेताओं की सुरक्षा के लिए अमेरिका की कई एजेंसियां एक साथ काम करती हैं। इसमें सीक्रेट सर्विस, डिप्लोमैटिक सिक्योरिटी और न्यूयॉर्क पुलिस शामिल है।

ईरानी राष्ट्रपति के दौरे के लिए भी इसी के तहत उनके काफिले, होटल और UN हेडक्वार्टर के आसपास खास सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
पेजेशकियान के भाषण में क्या रहेगा अहम?
ईरानी राष्ट्रपति के UNGA संबोधन को लेकर सबसे ज्यादा दिलचस्पी अमेरिका-ईरान संबंधों पर उनके रुख को लेकर है। ईरान पहले कह चुका है कि वह संयुक्त राष्ट्र के मंच पर अपना पक्ष रखने के साथ अपने नागरिकों के हितों की बात करेगा।
क्षेत्रीय संघर्ष, परमाणु कार्यक्रम और Strait of Hormuz से जुड़े तनाव जैसे मुद्दे भी चर्चा में आ सकते हैं। हालांकि, पेजेशकियान अपने भाषण में किन मुद्दों को किस तरह उठाएंगे, यह उनके संबोधन के बाद ही स्पष्ट होगा।
ट्रंप-पेजेशकियान मुलाकात पर भी चर्चा
मीडिया में ये भी चर्चा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी अधिकारियों के बीच बातचीत हो सकती है, लेकिन ट्रंप और पेजेशकियान की सीधी मुलाकात को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दोनों देशों के बीच लंबे समय से कई मुद्दों पर विवाद है, इसलिए UNGA के दौरान होने वाली बैठकों और बातचीत पर पूरी दुनिया की नजर है।
यह भी पढ़ें: मऊगंज में 3.85 करोड़ के नल-जल घोटाले का आरोप, EE समेत 4 पर FIR
UNGA के लिए न्यूयॉर्क में हाई सिक्योरिटी
UNGA के लिए दुनिया के कई देशों के बड़े नेता न्यूयॉर्क पहुंचे हैं। इस वजह से UN हेडक्वार्टर और आसपास के इलाके में सुरक्षा टाइट कर दी गई है। सड़कों और ईस्ट रिवर के आसपास भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है।

