नई दिल्ली: भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म IRCTC का नया बीटा वर्जन लॉन्च कर दिया है। इस अपग्रेड का उद्देश्य रोजाना टिकट बुक करने वाले लाखों यात्रियों को पहले से तेज, आसान और बेहतर अनुभव देना है। नई वेबसाइट में इंटरफेस से लेकर बैकएंड सिस्टम तक कई बड़े बदलाव किए गए हैं।
IRCTC की नई वेबसाइट कब लॉन्च हुई?
IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन 15 जुलाई 2026 को रात 9 बजे लाइव कर दिया गया। इससे पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) में छात्रों से बातचीत के दौरान घोषणा की थी कि 15 जुलाई तक नया पोर्टल लॉन्च कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़े इंस्टामार्ट में अब मिलेगा घरेलु सिलेंडर
नई वेबसाइट में यात्रियों को क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण तकनीकी सुधार किए हैं।
1. स्मार्ट कैप्चा सिस्टम
अब लॉगिन और टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार आने वाले जटिल कैप्चा से राहत मिलेगी। साथ ही वेबसाइट से अनावश्यक पॉप-अप, चमकदार ग्राफिक्स और ध्यान भटकाने वाले एलिमेंट्स भी हटा दिए गए हैं।
2. सभी क्लास की सीटें एक साथ दिखेंगी
अब यात्रियों को स्लीपर, 3AC, 2AC या अन्य श्रेणियों की उपलब्धता अलग-अलग खोजने की जरूरत नहीं होगी। सभी क्लास की सीट उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी।
3. फास्ट चेकआउट फीचर
बुकिंग प्रक्रिया को पहले से आसान बनाया गया है। टिकट बुक करने के लिए जरूरी स्टेप्स कम कर दिए गए हैं, जिससे टिकट जल्दी बुक हो सकेगी।
4. आसान रिपीट बुकिंग
जो यात्री नियमित रूप से यात्रा करते हैं, उनके लिए ‘ईज़ियर रिपीट बुकिंग’ फीचर जोड़ा गया है। इसमें यात्रियों की जानकारी पहले से सेव रहेगी और हर बार नाम, उम्र व अन्य विवरण दोबारा भरने की आवश्यकता नहीं होगी।
नई वेबसाइट कैसे एक्सेस करें?
यात्री IRCTC के ई-टिकटिंग पोर्टल पर जाकर नए बीटा वर्जन का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, पुराने होमपेज पर भी नई वेबसाइट का लिंक उपलब्ध कराया गया है, जिससे यूजर सीधे नए इंटरफेस पर पहुंच सकते हैं।
बीटा वर्जन लॉन्च करने का उद्देश्य क्या है?
रेलवे का उद्देश्य पहले चरण में यात्रियों से फीडबैक लेना है। यूजर वेबसाइट का इस्तेमाल करने के बाद अपने सुझाव और अनुभव साझा कर सकेंगे। इन्हीं सुझावों के आधार पर अंतिम संस्करण में जरूरी सुधार किए जाएंगे।
वेबसाइट अपग्रेड की जरूरत क्यों पड़ी?
साल 2002 में शुरू हुई IRCTC वेबसाइट आज देश के सबसे व्यस्त ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म्स में शामिल है। वर्तमान में इस प्लेटफॉर्म के जरिए रोजाना औसतन 14.5 लाख ट्रेन टिकट बुक किए जाते हैं। बढ़ते ट्रैफिक और बेहतर प्रदर्शन की जरूरत को देखते हुए वेबसाइट को आधुनिक तकनीक से अपग्रेड किया गया है।
नई वेबसाइट पूरी तरह कब शुरू होगी?
रेलवे के अनुसार, बीटा वर्जन से मिलने वाले फीडबैक और नए पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन का काम पूरा होने के बाद अगले कुछ हफ्तों में नया IRCTC पोर्टल पूरी तरह सभी यात्रियों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा। तब तक यात्री पुराने पोर्टल के साथ-साथ बीटा वर्जन का भी उपयोग कर सकते हैं।
यात्रियों के लिए जरूरी सुचना
- नई बीटा वेबसाइट पर लॉगिन कर उसके फीचर्स का इस्तेमाल करें।
- टिकट बुकिंग की पूरी प्रक्रिया को एक बार जरूर आजमाएं।
- होमपेज पर उपलब्ध Feedback विकल्प के जरिए अपनी राय दें।
यदि सीट उपलब्धता, भुगतान या किसी अन्य फीचर में समस्या आए तो स्क्रीनशॉट के साथ फीडबैक भेजें, ताकि अंतिम लॉन्च से पहले उसे सुधारा जा सके।

