जबलपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए बाल कल्याण समिति (CWC) जबलपुर के अध्यक्ष मनीष व्यास को पद से हटा दिया है। इस संबंध में मंत्रालय वल्लभ भवन, भोपाल से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार समिति की सदस्य मेघा पवार ने अध्यक्ष के व्यवहार को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि अध्यक्ष मनीष व्यास पर महिला सदस्यों के प्रति अमर्यादित व्यवहार करने के आरोप लगाए गए थे।
जांच में सही पाए गए आरोप
बता दें शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच एसडीएम रांझी, जबलपुर को सौंपी गई थी। जांच रिपोर्ट में समिति की महिला सदस्यों के प्रति अध्यक्ष मनीष व्यास का व्यवहार असंयमित और पद की गरिमा के अनुरूप नहीं पाया गया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने कार्यवाही करते हुए मनीष व्यास को अध्यक्ष पद से हटा दिया। मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है।
विभाग ने दिखाई सख्ती
महिला एवं बाल विकास विभाग की इस कार्रवाई को अनुशासन और कार्यस्थल की गरिमा बनाए रखने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि महिला कर्मचारियों और सदस्यों से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

