नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की वापसी हुई है, जबकि मध्य प्रदेश के ऑफ स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।
सारांश जैन को शानदार प्रदर्शन का इनाम
33 साल के सारांश जैन ने घरेलू क्रिकेट और हालिया इंडिया-ए दौरे पर बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसके बाद चयनकर्ताओं ने उन्हें राष्ट्रीय टेस्ट टीम में जगह दी है। उन्होंने श्रीलंका-ए के खिलाफ दूसरे चार दिवसीय मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट लेने के साथ नाबाद 70 रन बनाए थे।
ये भी पढ़े
बुमराह और साई सुदर्शन का चयन फिटनेस पर निर्भर
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और बल्लेबाज साई सुदर्शन को टीम में शामिल किया गया है, लेकिन उनका अंतिम चयन उनकी फिटनेस को देखते हुए होगा।वहीं, ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी क्वाड्रिसेप्स चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं, इसलिए वह इस टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। दूसरी ओर, वाशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग चोट के कारण पहले टेस्ट से बाहर रहेंगे।
राहुल-जायसवाल करेंगे ओपनिंग, गिल संभालेंगे नंबर-4
भारतीय बल्लेबाजी क्रम में ज्यादा बदलाव नहीं किया गया है। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल पारी की शुरुआत करेंगे, जबकि कप्तान शुभमन गिल नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते नजर आएंगे।
टीम में साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल को भी शामिल किया गया है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ऋषभ पंत संभालेंगे, जबकि ध्रुव जुरेल रिजर्व विकेटकीपर होंगे।
15 अगस्त से शुरू होगी टेस्ट सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मुकाबला 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के SSC मैदान पर होगा। यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के मौजूदा चक्र में भारत की पहली विदेशी टेस्ट सीरीज होगी। फिलहाल WTC पॉइंट्स टेबल में भारत पांचवें और श्रीलंका छठे स्थान पर है।

