जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में गुरुवार सुबह उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब NSUI के तीन छात्र नेता पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गए। प्रदर्शनकारी छात्र नेता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे और राज्य के विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनज़र टंकी के नीचे जाल लगाया गया और तीनों प्रदर्शनकारियों को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए।
दिल्ली की घटना के विरोध में तेज हुआ प्रदर्शन
प्रदर्शन कर रहे छात्र नेताओं का कहना है कि वे दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में आवाज उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि युवाओं और छात्रों की मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की।
यह भी पढ़ें-
बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंचे सीएम योगी
सुबह-सुबह टंकी पर चढ़े छात्र नेता
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे गांधी नगर रेलवे स्टेशन के पास टोंक फाटक पुलिया स्थित रेलवे की पानी की टंकी पर तीनों छात्र नेता पहुंचे। इसके बाद एक-एक कर सभी टंकी पर चढ़ गए और वहीं से प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांतिपूर्वक नीचे आने के लिए समझाइश दे रहे हैं।
कौन हैं प्रदर्शन करने वाले छात्र नेता?
प्रदर्शन में शामिल तीनों छात्र नेता राजस्थान विश्वविद्यालय से जुड़े हैं—
- विजयपाल कुड़ी – NSUI प्रभारी, निवासी नीम का थाना (सीकर)
- कोशेन खान – NSUI उपाध्यक्ष, निवासी जयपुर
- वियोना जाट – NSUI सदस्य, निवासी सुमेरपुर (पाली)
फिलहाल प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके। अधिकारियों की कोशिश है कि बातचीत के जरिए प्रदर्शन को शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त कराया जाए।

