भोपाल: महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के लिए जापान की महिला हॉकी टीम शनिवार को भोपाल पहुंच गई। राजा भोज एयरपोर्ट पर भारतीय परंपरा के अनुसार खिलाड़ियों का तिलक लगाकर और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। टूर्नामेंट 19 से 28 नवंबर तक खेला जाएगा। विदेशी टीमों के पहुंचने के साथ ही शहर में अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता का उत्साह बढ़ने लगा है।
जापान की टीम शनिवार शाम 4 से 5:30 बजे तक अभ्यास करेगी। पहले निर्धारित समय में बदलाव करते हुए उसका ट्रेनिंग सेशन एक घंटा पहले कर दिया गया है।
इधर, भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने टूर्नामेंट में खिताब बचाने का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के बाद टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। भारतीय खिलाड़ी भोपाल में भी जीत की लय बरकरार रखते हुए टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम करना चाहेंगी।
लगातार अच्छे प्रदर्शन से बढ़ा टीम का आत्मविश्वास
सलीमा ने एक इंटरव्यू में कहा कि भारतीय टीम ने इस साल लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। एफआईएच नेशंस कप जीतने के बाद टीम ने वर्ल्ड कप में पांचवां स्थान हासिल किया, जो 1974 के बाद उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इसके बाद जापान में हुए एशियन गेम्स में भारतीय टीम ने ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता। अब टीम अपने प्रदर्शन का स्तर और बेहतर करना चाहती है।
चीन के बजाय अपनी रणनीति पर रहेगा फोकस
एशियन गेम्स के फाइनल में भारत ने चीन को हराकर स्वर्ण पदक जीता था। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भी चीन को भारत का मजबूत प्रतिद्वंद्वी माना जा रहा है। सलीमा ने कहा कि चीन पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगा, लेकिन भारतीय टीम का ध्यान किसी विरोधी पर नहीं, बल्कि अपनी रणनीति और खेल पर रहेगा। खिलाड़ी कोच के निर्देशों के मुताबिक प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगी।
अलग-अलग पोजिशन पर खेलने की भी तैयारी
मुख्य कोच श्योर्ड मारिन खिलाड़ियों को जरूरत पड़ने पर अलग-अलग पोजिशन पर खेलने के लिए तैयार कर रहे हैं। सलीमा ने कहा कि टीम उम्मीद करती है कि किसी खिलाड़ी को चोट न लगे, लेकिन बड़े टूर्नामेंट में हर परिस्थिति के लिए तैयार रहना जरूरी है। इसी वजह से खिलाड़ी अपनी नियमित पोजिशन से अलग भूमिका निभाने का भी अभ्यास कर रही हैं।
सविता को आराम, बंसरी सोलंकी को मौका
टूर्नामेंट के लिए अनुभवी गोलकीपर सविता को आराम दिया गया है। उनकी जगह बंसरी सोलंकी को टीम में शामिल किया गया है। सलीमा ने कहा कि सविता का अनुभव काफी अच्छा है, लेकिन बिचु देवी ने भी पूरे साल शानदार प्रदर्शन किया है। बंसरी मेहनती हैं और लगातार सीखने के लिए तैयार रहती हैं। टीम को अपने सभी खिलाड़ियों की क्षमता पर भरोसा है।
भोपाल में खेलने को उत्साहित भारतीय टीम
सलीमा ने भोपाल में अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के आयोजन को खास बताया। उन्होंने कहा कि घरेलू मैदान पर दर्शकों के सामने खेलना खिलाड़ियों के लिए अलग अनुभव होता है। स्टैंड में मौजूद दर्शकों का समर्थन टीम को अतिरिक्त ऊर्जा देता है। भारतीय टीम के लिए यह साल का आखिरी टूर्नामेंट है और खिलाड़ी इसे खिताबी जीत के साथ खत्म करना चाहती हैं।

