Sunday, November 15, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsखेत की मेड़ पर पढ़ने वाले जयसिंह के हाथ में अब राष्ट्रपति...

खेत की मेड़ पर पढ़ने वाले जयसिंह के हाथ में अब राष्ट्रपति भवन का न्योता

उज्जैन: सीमित संसाधन, गांव का सामान्य माहौल और पढ़ाई के लिए सुविधाओं की कमी के बावजूद अगर हौसले बुलंद हों तो सफलता की राह बनाई जा सकती है। उज्जैन से करीब 17 किलोमीटर दूर स्थित कड़छली गांव के 13 वर्षीय छात्र जयसिंह राठौर ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर यह साबित कर दिखाया है।

किसान परिवार से आने वाले जयसिंह को अब राष्ट्रपति भवन से निमंत्रण मिला है। वह 28 अगस्त 2026 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेगा। रक्षाबंधन कार्यक्रम के लिए देशभर से चुने गए होनहार विद्यार्थियों में जयसिंह का नाम शामिल किया गया है।

निरंतर मेहनत ने दिलाई बड़ी सफलता

जयसिंह की यह उपलब्धि अचानक नहीं मिली है। वह लगातार पढ़ाई और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करता रहा है। इससे पहले मैथ्स और इंग्लिश ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उसे उज्जैन कलेक्टर द्वारा दो बार सम्मानित किया जा चुका है।

वहीं, 29 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी जयसिंह की प्रतिभा और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उसे सम्मानित किया था।

जयसिंह ने कक्षा 8वीं में 80 प्रतिशत अंक प्राप्त करने के बाद राष्ट्रीय साधन-सह-प्रवीण छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMS) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में शीर्ष स्थान हासिल किया। इस सफलता के बाद उसे चार वर्षों में कुल 48 हजार रुपये की छात्रवृत्ति भी प्राप्त होगी।

किसान परिवार से निकलकर बनाई अलग पहचान

जयसिंह के पिता खुमान सिंह राठौर किसान हैं और खेती के जरिए परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वहीं, उनकी मां जया कंवर घर और खेत की जिम्मेदारियों के साथ बेटे की पढ़ाई में लगातार सहयोग करती हैं।

गांव में बिजली की अनियमित व्यवस्था, दूर कोचिंग सेंटर और सीमित संसाधनों जैसी चुनौतियों के बावजूद परिवार ने जयसिंह की शिक्षा और उसके सपनों को आगे बढ़ाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। जयसिंह ने भी अपनी मेहनत, तर्कशक्ति और लगन के बल पर विभिन्न परीक्षाओं में सफलता हासिल की।

25 अगस्त को शिक्षक के साथ दिल्ली होगा रवाना

जयसिंह 25 अगस्त को अपने मार्गदर्शक शिक्षक शैलेन्द्र व्यास के साथ दिल्ली के लिए रवाना होगा। इसके बाद 28 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेगा।

जयसिंह की इस उपलब्धि से न केवल उसका परिवार, बल्कि कड़छली गांव और पूरा उज्जैन जिला गौरवान्वित है। उसकी सफलता अब गांव के अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा बन रही है और यह संदेश दे रही है कि बड़े सपने पूरे करने के लिए सुविधाओं से ज्यादा जरूरी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास होता है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन