उज्जैन: विश्व प्रसिद्ध श्री काल भैरव मंदिर में सावन के दौरान उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए एक सराहनीय पहल सामने आई है। मुंबई के दो श्रद्धालुओं ने मंदिर समिति को ₹10 लाख मूल्य के आधुनिक बैरिकेड्स दान किए हैं। इन बैरिकेड्स की पहली खेप रविवार को उज्जैन पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना के बाद इन्हें मंदिर प्रशासन को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, इस सेवा कार्य को मुंबई निवासी मनीष पांचाल और समीर पांचाल ने श्रद्धा और आस्था के भाव से पूरा किया है। खास बात यह है कि उन्होंने नकद राशि देने के बजाय सीधे मंदिर की जरूरत को समझते हुए उच्च गुणवत्ता वाले बैरिकेड्स तैयार करवाए। इनका उद्देश्य सावन में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, सावन के महीने में काल भैरव मंदिर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में कतार प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण सबसे बड़ी चुनौती होती है। नए बैरिकेड्स लगने से श्रद्धालुओं की लाइनें अधिक व्यवस्थित रहेंगी, जिससे धक्का-मुक्की और अव्यवस्था की संभावना भी कम होगी।
यह भी पढ़ें-
‘मुझे मार रहे हैं…’ आखिरी कॉल के अगले दिन नवविवाहिता की मौत
बैरिकेड्स सौंपने की प्रक्रिया SDM एल.एन. गर्ग, पटवारी महेश देपन, मंदिर प्रबंधक संध्या मारकंडे और व्यवस्थापक अनिल बोरासी की उपस्थिति में संपन्न हुई। अधिकारियों ने दानदाताओं के इस योगदान की सराहना करते हुए इसे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
SDM एल.एन. गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल 100 बैरिकेड्स मंदिर परिसर में पहुंच चुके हैं। वहीं, करीब 200 अतिरिक्त बैरिकेड्स की दूसरी खेप अगले 15 दिनों के भीतर उज्जैन पहुंचेगी। सभी बैरिकेड्स स्थापित होने के बाद सावन के दौरान मंदिर परिसर में प्रवेश और दर्शन व्यवस्था पहले की तुलना में कहीं अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित हो जाएगी।
मंदिर समिति का मानना है कि इस तरह के उपयोगी दान न केवल व्यवस्थाओं को मजबूत करते हैं, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं के धार्मिक अनुभव को भी बेहतर बनाते हैं। सावन से पहले मिली यह सौगात इस बार काल भैरव मंदिर की व्यवस्थाओं को नई मजबूती देने वाली साबित होगी।

