छतरपुर: मध्य प्रदेश में दहेज प्रताड़ना के मामलों के बीच छतरपुर से एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के रामनगर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर करंट लगाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
5 मई 2025 को हुई थी शादी
बता दें मृतका की पहचान रोशनी पटेल के रूप में हुई है। उसकी शादी 5 मई 2025 को अशोक पटेल से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल पक्ष दहेज में फोर व्हीलर और छतरपुर में एक प्लॉट की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर रोशनी के साथ लगातार मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी।
घटना से एक दिन पहले किया था फोन
मृतका के मामा उमेश पटेल ने बताया कि घटना से एक दिन पहले रोशनी ने फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट की जा रही है और उसे जान का खतरा है। परिजनों का आरोप है कि अगले दिन सुबह रोशनी की बेरहमी से पिटाई की गई और फिर करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी गई। शाम को परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली।
यह भी पढ़ें-
अयोध्या श्रीराम मंदिर चढ़ावा मामले पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
पति समेत 5 लोगों पर लगाए आरोप
परिजनों ने पति अशोक पटेल, ससुर गणेशी पटेल, जेठ मगन पटेल, जेठानी और सास के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। परिवार ने सभी आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने क्या कहा?
कोतवाली थाना पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

