खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले से लगे ग्राम नहालदा में शुक्रवार देर शाम गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। प्रतिमा विसर्जन के लिए पहुंचे पांच युवक करीब 40 फीट गहरे पानी के गड्ढे में डूब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान विश्वास पठत (17) और लक्ष्य पठत (16), पिता जय सिंग पठत के रूप में हुई है। बताया गया है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वह अवैध गिट्टी खदान से बने गहरे पानी के गड्ढे के रूप में है।
एसडीआरएफ और गोताखोरों ने चलाया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, होमगार्ड और ओंकारेश्वर से प्रशिक्षित गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पानी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव पानी से बाहर निकाले गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासन ने बताया, विसर्जन के लिए अलग स्थान किया गया था चिन्हित
जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि नहालदा ग्राम पंचायत जिला मुख्यालय से लगी हुई है और प्रशासन की ओर से गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए एक स्थान चिन्हित कर वहां आवश्यक व्यवस्था की गई थी।
कलेक्टर के अनुसार इसके बावजूद कुछ युवक दूसरे ऐसे तालाब में चले गए, जिसका सामान्य तौर पर गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए उपयोग नहीं किया जाता। यह स्थान काफी गहरा था और इसी वजह से हादसा हुआ।
विधायक और एसडीएम ने संभाला मोर्चा
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान खंडवा विधायक ने भी लगातार स्थिति की निगरानी की। खंडवा एसडीएम मौके पर मौजूद रहे और बचाव अभियान की जानकारी लेते रहे। एसडीआरएफ, होमगार्ड और ओंकारेश्वर से पहुंचे प्रशिक्षित गोताखोरों की टीम ने काफी प्रयास के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला।
प्रशासन के मुताबिक पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। शासन की ओर से आरबीसी 6-4 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार पीड़ित परिवार को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। गणेश विसर्जन के दौरान हुए इस हादसे के बाद नहालदा गांव में मातम पसरा हुआ है।

