किरनापुर। मध्यप्रदेश शासन किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के निर्देशन में बुधवार 21 मई 2026 को विकासखंड किरनापुर के ग्राम पंचायत किरनापुर, ग्राम पंचायत जराही और ग्राम पंचायत बम्हनगांव में कृषि रथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कृषकों ने भाग लेकर विभागीय योजनाओं एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, सरपंच, ग्राम पंचायत सचिवगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विनीता रंगारी, कृषि विस्तार अधिकारी गांधी घोरमारे, कु. दिव्या पटले, उद्यानिकी अधिकारी कु.आंचल राणा, मत्स्य विभाग से वैशाली मेश्राम, पशुपालन विभाग से लक्ष्मीनारायण उइके एवं कु. योगिता सोनकुसरे सहित प्रगतिशील कृषकों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं किसान हितैषी कार्यक्रमों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों को ई-टोकन खाद वितरण प्रणाली की प्रक्रिया समझाते हुए इसके लाभ बताए। साथ ही डीएसआर (Direct Seeded Rice) तकनीक के माध्यम से धान की सीधी बुवाई की आधुनिक पद्धति एवं उससे होने वाले लाभों पर चर्चा की गई।
कृषकों को प्राकृतिक खेती अपनाने, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग तथा ‘धरती माता बचाओ अभियान’ के तहत मृदा संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में हरी खाद के रूप में ढैंचा फसल के उपयोग तथा पराली प्रबंधन की वैज्ञानिक तकनीकों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से फसल अवशेष नहीं जलाने और जैविक तरीकों से खेत की उर्वरा शक्ति बढ़ाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने कृषि रथ के माध्यम से मिली जानकारी को उपयोगी बताते हुए शासन की इस पहल की सराहना की। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आधुनिक एवं टिकाऊ खेती अपनाने का आह्वान किया।

