मसूरी। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव आज अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ शादी के पवित्र बंधन में बंधने जा रहे हैं। पहाड़ों की खूबसूरत वादियों में बसी मसूरी में यह शाही शादी आयोजित की जा रही है, जहां पिछले दो दिनों से शादी की रस्में धूमधाम से चल रही हैं। इस ग्रैंड वेडिंग में क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियां भी शामिल हो चुकी हैं, जिससे पूरा समारोह किसी सेलिब्रिटी इवेंट से कम नहीं लग रहा।
तीन दिन तक चलेंगे शादी के भव्य कार्यक्रम
बता दें कुलदीप और वंशिका की शादी को खास बनाने के लिए तीन दिनों का भव्य कार्यक्रम रखा गया है। 13 मार्च से ही हल्दी, मेहंदी और पारंपरिक रस्मों की शुरुआत हो चुकी है। शादी समारोह का आयोजन मसूरी के शानदार होटल सवाया में किया गया है, जहां मेहमानों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। होटल को फूलों और लाइटिंग से सजाया गया है और पूरे परिसर में शादी का उत्सवी माहौल देखने को मिल रहा है।
हल्दी और मेहंदी में झूमे मेहमान
जानकारी के मुताबिक, 13 मार्च को आयोजित हल्दी और मेहंदी समारोह में परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और दोस्तों ने जमकर जश्न मनाया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच मेहमानों ने नाच-गाकर शादी की खुशियों को सेलिब्रेट किया। हल्दी समारोह में कुलदीप यादव पीले रंग के कुर्ता-पायजामा में नजर आए, जबकि वंशिका ने पीले रंग की साड़ी पहनकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। वहीं मेहंदी कार्यक्रम में दोनों ने गुलाबी रंग के पारंपरिक परिधान पहने।
क्रिकेट जगत की बड़ी हस्तियां बनीं मेहमान
इस शाही शादी में भारतीय क्रिकेट जगत के कई बड़े नाम शामिल हुए हैं। समारोह में सुरेश रैना,युजवेंद्र चहल, रिंकू सिंह, मोहम्मद कैफ, तिलक वर्मा और आरपी सिंह जैसे कई क्रिकेटर मौजूद हैं। इसके अलावा रिंकू सिंह की मंगेतर और सांसद प्रिया सरोज भी इस समारोह में शामिल हुई हैं। क्रिकेट सितारों की मौजूदगी ने इस शादी को और भी खास बना दिया है।
आज शाम निकलेगी बारात
कुलदीप यादव की शादी का मुख्य समारोह आज शाम आयोजित होगा। पहाड़ों की खूबसूरत के बीच होने वाली इस शाही शादी में शाम करीब 5 बजे प्रीमियम वैली व्यू विंग से बारात धूमधाम के साथ निकलेगी। इसके बाद करीब 6:30 बजे जयमाला की रस्म निभाई जाएगी, जहां कुलदीप और वंशिका एक-दूसरे को वरमाला पहनाएंगे। जयमाला के बाद रॉयल बॉलरूम में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरों की रस्म पूरी होगी। इस खास मौके पर परिवार, रिश्तेदारों और कई क्रिकेट सितारों की मौजूदगी में शादी का समारोह बेहद भव्य और यादगार बनने जा रहा है।
बताया जा रहा है कि कुलदीप यादव और वंशिका एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं। सालों की दोस्ती अब शादी के खूबसूरत रिश्ते में बदल रही है। क्रिकेट फैंस भी इस खास मौके पर कुलदीप को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।

