Friday, November 6, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsकुशीनगर में वैन-ट्रेलर की भीषण भिड़ंत, छह लोगों की मौत; किशोर गंभीर

कुशीनगर में वैन-ट्रेलर की भीषण भिड़ंत, छह लोगों की मौत; किशोर गंभीर

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने सात परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। हाटा कोतवाली क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास वैन और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा उस समय हुआ, जब वैन सवार लोग एक रिश्तेदार के तिलक समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। अचानक सामने से आ रहे ट्रेलर से उनकी वैन टकरा गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। दुर्घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

तिलक समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, वैन में सवार सभी लोग कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव के निवासी थे। वे देवराज पिपरा में आयोजित एक रिश्तेदार के तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात समारोह से वापस लौटते समय हाटा कोतवाली क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास उनकी वैन सामने से आ रहे ट्रेलर से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

मृतकों में प्रधान प्रतिनिधि और उनके पिता भी शामिल

इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद (40), उनके पिता रामबेलास (65), राममिलन (35), आयुष (12), मृदुल मिश्रा (37) और रंजय गुप्ता (35) के रूप में हुई है। वहीं, राममिलन का 17 वर्षीय पुत्र आर्यन गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ट्रेलर चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल किशोर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए। दुर्घटना की खबर फैलते ही भलुही गांव से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ ही मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन