भोपाल: मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले में पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ दो बड़ी कार्रवाई की हैं। चांदपुर और उदयगढ़ थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर सीमेंट कंटेनर और ट्रक में छिपाकर ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की 1913 पेटियां जब्त की हैं। जब्त शराब की कुल मात्रा 16 हजार 712 बल्क लीटर बताई गई है। दोनों कार्रवाई में शराब और वाहनों सहित करीब 2 करोड़ 17 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे मामले में ट्रक चालक फरार हो गया।
सीमेंट कंटेनर में छिपाकर गुजरात ले जा रहे थे शराब
पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया के निर्देशन में चांदपुर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर खंडवा-बड़ौदा हाईवे पर राजस्थान नंबर के एक सीमेंट कंटेनर को रोका। तलाशी लेने पर कंटेनर के अंदर बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां मिलीं।
पुलिस ने कंटेनर से 1426 पेटी शराब बरामद की, जिसकी कुल मात्रा 12 हजार 505 बल्क लीटर है। शराब और कंटेनर सहित जब्त संपत्ति की कीमत करीब 1 करोड़ 62 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि शराब पंजाब-हरियाणा सीमा के नरवाना क्षेत्र से भरकर गुजरात के बड़ौदा ले जाई जा रही थी। इसके लिए राजस्थान के जयपुर, दौसा, कोटा और चित्तौड़गढ़ से होते हुए मध्यप्रदेश के नीमच, मंदसौर, रतलाम, धार, मांगोद, मनावर और कुक्षी का रास्ता चुना गया था।
पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के बाड़मेर जिले की सेड़वा तहसील के ग्राम बमरला निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी और इस तस्करी में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
ट्रक में अलग जगह बनाकर छिपाई थी 487 पेटी शराब
दूसरी कार्रवाई उदयगढ़ थाना पुलिस ने की। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम तलावद की ओर से एक ट्रक में अवैध शराब ले जाई जा रही है। इसके बाद पुलिस ने रास्ते में घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर चालक ट्रक को ग्राम जवानिया के पास तालाब किनारे छोड़कर भाग गया। जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें अलग से बनाई गई छिपी हुई जगह में शराब की पेटियां रखी मिलीं।
पुलिस ने ट्रक से 487 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की, जिसकी मात्रा 4207 बल्क लीटर बताई गई है। शराब और ट्रक सहित जब्त संपत्ति की कीमत करीब 54 लाख 97 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें: डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 55 लाख की ठगी, रतलाम पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
शराब तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
दोनों मामलों में पुलिस अब अवैध शराब की सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। खासतौर पर यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से खरीदी गई, किन लोगों के जरिए उसका परिवहन किया जा रहा था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
पुलिस के अनुसार, प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन को रोकने के लिए लगातार वाहन चेकिंग और निगरानी की जा रही है। अलीराजपुर में हुई इन दोनों कार्रवाई के बाद अंतरराज्यीय शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

