गांव में घुसा तेंदुआ, मचा हड़कंप

नरसिंहपुर। जिले के करेली वन क्षेत्र के दिलहरी बीट में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ जंगल से भटककर गांव में पहुंच गया। बुधवार शाम तेंदुए की मौजूदगी की खबर मिलते ही ग्रामीणों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग घरों में दुबक गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर सावधानीपूर्वक बचाव अभियान शुरू किया। वनमंडल अधिकारी कल्पना तिवारी के निर्देशन में टीम ने बेहद सतर्कता और धैर्य के साथ काम किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया गया।
वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के बाद उसका प्राथमिक उपचार किया और बेहतर इलाज के लिए जबलपुर भेज दिया। अधिकारियों के अनुसार, तेंदुआ पूरी तरह स्वस्थ है और जल्द ही उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा।
इस सफल अभियान के बाद वन विभाग ने राहत की सांस ली, वहीं ग्रामीणों ने भी चैन महसूस किया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि जंगल के आसपास सतर्क रहें और किसी भी वन्यजीव की सूचना तुरंत विभाग को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *