5 सेकंड में जिंदगी खत्म, चलती ट्रेन ने छीन ली सांसें

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला हादसा सामने आया है। रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। 31 मार्च की रात हुए इस हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान सिकंदर के रूप में हुई है, जो बिहार का रहने वाला था और उसकी उम्र करीब 25 से 28 साल बताई जा रही है।

CCTV में कैद ‘मौत के 14 सेकंड’

इस घटना का 14 सेकंड का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसने पूरे हादसे की भयावहता को उजागर कर दिया। फुटेज में युवक प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर चलती ट्रेन के साथ दौड़ता नजर आता है। अचानक उसका संतुलन बिगड़ता है और वह कोच के गेट से टकराकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस जाता है। महज 5 सेकंड के अंदर वह 4-5 बार बुरी तरह घिसटता है और फिर ट्रेन के नीचे खिंचते हुए नजरों से ओझल हो जाता है।

40 किमी/घंटा की रफ्तार बनी मौत की वजह

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा रात करीब 11:31 बजे हुआ, जब भोपाल-इंदौर एक्सप्रेस स्टेशन से गुजर रही थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक ट्रेन की स्पीड करीब 40 किमी प्रति घंटा थी। इसी दौरान युवक ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हो गया।

नहीं बच सकी जान

बता दें हादसे के तुरंत बाद युवक को 108 एंबुलेंस के जरिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसका एक हाथ टूट चुका था और सिर में गहरी चोट आई थी। हालत इतनी गंभीर थी कि वह बयान देने की स्थिति में नहीं था। आखिरकार शुक्रवार शाम करीब 5 बजे उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

वहीं जीआरपी के मुताबिक, अब तक की जांच और CCTV फुटेज में किसी तरह की आपराधिक साजिश सामने नहीं आई है। यह हादसा महज एक लापरवाही का परिणाम माना जा रहा है।
हालांकि, यह घटना एक बार फिर रेलवे प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा और जागरूकता को लेकर बड़े सवाल खड़े कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *