ऑकलैंड: न्यूजीलैंड को भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों से पहले बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन चोट के कारण बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। उनके दाएं पैर की पिंडली में चोट लगी है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को फर्ग्यूसन की जगह मैट फिशर को टीम में शामिल करने की जानकारी दी। सीरीज का चौथा टी-20 मुकाबला शुक्रवार को ऑकलैंड में खेला जाएगा।
फर्ग्यूसन को 24 अक्टूबर को चोट लगी थी
फर्ग्यूसन को 24 अक्टूबर को दूसरे मैच के दौरान चोट लगी थी। स्कैन में उनकी पिंडली में मामूली खिंचाव की पुष्टि हुई है। उनकी वापसी में करीब एक सप्ताह का समय लग सकता है।
तेज गेंदबाज मैट हेनरी भी बाहर
तेज गेंदबाज मैट हेनरी भी टी-20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। दूसरे मैच के दौरान उनके दाएं जांघ के अगले हिस्से में दर्द हुआ था। उन्हें ठीक होने में एक से दो सप्ताह लग सकते हैं।
हेनरी को पहले से तय वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आगामी वनडे सीरीज के लिए ब्लैककैप्स में लौटना था। NZC ने कहा कि वह अब भी तय कार्यक्रम के अनुसार वापसी कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें: राहुल गांधी की छात्र संगठनों से 1 नवंबर के मार्च में शामिल होने की अपील,बोले-पुलिस के लाठीचार्ज से न घबराएं
कोच को वनडे सीरीज में वापसी की उम्मीद
मुख्य कोच रॉब वॉल्टर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि फर्ग्यूसन और हेनरी 4 नवंबर से भारत के खिलाफ शुरू होने वाली वनडे सीरीज में खेलेंगे।
वॉल्टर ने कहा, हम लॉकी और मैट के लिए निराश हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट में चोटें खेल का हिस्सा हैं, लेकिन मैचों से बाहर होना आसान नहीं होता।

