बेगमगंज:सर्व आदिवासी समाज बेगमगंज द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती बेगमगंज में बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे-बच्चियां शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम में जय सेवा, जय जोहार और बिरसा मुंडा अमर रहें के नारे गूंजते रहे।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. अंजना मसकोले रहीं
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. अंजना मसकोले रहीं। विशेष अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग गोल्ड मेडलिस्ट प्रिया सासनया नीलमणि शाह राजा देवरी जागीर का भी भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में कला उइके एडवोकेट विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जस के जिलाध्यक्ष विजय पटेल ने की।
अतिथियों का चावल-हल्दी से तिलक लगाकर स्वागत किया गया
अतिथियों का चावल-हल्दी से तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इसके बाद भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरणादायक क्षण तब आया, जब मात्र 8 वर्ष की निविता गोंड मंच पर आई। निविता ने “शिक्षा और सफलता की दौड़”विषय पर सारगर्भित उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह हथियार है, जिससे आदिवासी समाज आगे बढ़ सकता है। पढ़-लिखकर ही हम अपने अधिकार, सम्मान और सपनों को पा सकते हैं। नन्हीं निविता की ओजस्वी वाणी पर पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा।
इसके बाद 18 वर्षीय सुआरती ने मंच संभाला। सुआरती ने “शिक्षा से मजबूती”विषय पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेटी ही परिवार को मजबूत करती है, समाज को मजबूत करती है और देश को मजबूत करती है। बेटियों को पढ़ाना ही सबसे बड़ी सेवा है।
भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर प्रकाश डाला
विशेष अतिथि कला उइके एडवोकेट ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल, जमीन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। आज हमें उनके दिखाए रास्ते पर चलकर शिक्षा, एकता और नशामुक्ति का संकल्प लेना होगा। उन्होंने आदिवासी समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और बच्चों को हर हाल में स्कूल भेजने का आह्वान किया।
ये भी पढें: ग्वालियर में 13 साल की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, कोचिंग से लौटते समय अगवा किया
बच्चों ने मनमोहक लोकनृत्य प्रस्तुत किया
कार्यक्रम में आदिवासी बच्चे-बच्चियों ने “हम हैं आदिवासी”थीम पर मनमोहक लोकनृत्य प्रस्तुत किया। ढोल-मांदल की थाप पर बच्चों के पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
अंत में अध्यक्षीय उद्बोधन में जिलाध्यक्ष विजय पटेल ने सभी अतिथियों, आयोजकों और समाजजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का काम करते हैं। कार्यक्रम का समापन जय सेवा, जय जोहार के उद्घोष के साथ हुआ।

