नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की राजनीति में 2026 के विधानसभा चुनाव ने बड़ा मोड़ ला दिया है। भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए सत्ता की दहलीज पार कर ली है। इस जीत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली प्रतिक्रिया देते हुए इसे ‘जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं के संघर्ष की जीत’ बताया।
पीएम मोदी ने कहा कि यह जीत अचानक नहीं आई, बल्कि वर्षों से जमीनी स्तर पर काम कर रहे हजारों कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बंगाल की जनता का आभार जताते हुए भरोसा दिलाया कि नई सरकार विकास, पारदर्शिता और सभी वर्गों के सम्मान को प्राथमिकता देगी।
हर वर्ग को मिलेगा अवसर
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में स्पष्ट किया कि आने वाले समय में सरकार का लक्ष्य समावेशी विकास होगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी ऐसी शासन व्यवस्था देने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें युवाओं, महिलाओं, किसानों और मध्यम वर्ग को बराबरी के अवसर मिलें।
इसी के साथ ही कहा कि इस ऐतिहासिक जीत के पीछे सिर्फ लहर नहीं, बल्कि एक सटीक और बहुस्तरीय रणनीति काम कर रही थी। अमित शाह को इस पूरी रणनीति का मुख्य आर्किटेक्ट माना जा रहा है। उन्होंने लंबे समय तक बंगाल में डेरा डालकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया और लगातार फीडबैक के आधार पर रणनीति में बदलाव करते रहे।
अमित शाह का मैराथन कैंपेन
बता दें अमित शाह ने चुनाव के दौरान 50 से ज्यादा रैलियां और रोड शो किए। देर रात तक पार्टी नेताओं के साथ बैठकें और दिन में ग्राउंड कैंपेन इस डुअल अप्रोच ने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने का काम किया। उनके बयानों और घोषणाओं ने चुनावी नैरेटिव को भी प्रभावित किया।
ये 5 चेहरे बने जीत के गेम-चेंजर
-
धर्मेंद्र प्रधान: रणनीति के मास्टर कोऑर्डिनेटर
धर्मेंद्र प्रधान ने पूरे चुनाव अभियान में केंद्रीय दिमाग और जमीनी क्रियान्वयन के बीच मजबूत कड़ी का काम किया। उन्होंने न सिर्फ केंद्रीय नेतृत्व के विजन को राज्य इकाई तक पहुंचाया, बल्कि स्थानीय सामाजिक समीकरण ओबीसी, आदिवासी और शहरी वोटर्स को ध्यान में रखते हुए माइक्रो-लेवल प्लानिंग भी की। उनके समन्वय से संसाधनों, स्टार प्रचारकों और कैंपेन शेड्यूल का बेहतर प्रबंधन संभव हुआ।
-
भूपेंद्र यादव: माइक्रो-मैनेजमेंट के एक्सपर्ट
भूपेंद्र यादव ने चुनावी मैकेनिज्म को बारीकी से संभाला। बूथ मैनेजमेंट, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करना और लीगल/इलेक्टोरल चुनौतियों से निपटना, इन सभी पहलुओं पर उन्होंने फोकस किया। उनका अनुभव जटिल राज्यों में चुनाव लड़ने का रहा है, जिसे उन्होंने बंगाल जैसे संवेदनशील राज्य में प्रभावी ढंग से लागू किया।
-
सुनील बंसल: ग्राउड स्ट्रक्चर के आर्किटेक्ट
सुनील बंसल ने संगठन को नीचे से ऊपर मजबूत करने पर जोर दिया। ‘पन्ना प्रमुख’ मॉडल के जरिए हर वोटर तक सीधा संपर्क बनाने की रणनीति लागू की गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं को डेटा-आधारित अप्रोच सिखाई, जिससे कैडर अधिक अनुशासित और लक्ष्य-केन्द्रित बन सका। यह मॉडल टीएमसी के मजबूत कैडर सिस्टम को टक्कर देने में अहम साबित हुआ।
-
बिप्लब देब: आक्रामक प्रचार के चेहरे
बिप्लब देब ने अपने पूर्व अनुभव का इस्तेमाल करते हुए सीमावर्ती और सांस्कृतिक रूप से मिलते-जुलते क्षेत्रों में पार्टी को धार दी। उन्होंने ग्राउंड पर हाई-एनर्जी कैंपेन चलाया, छोटे-छोटे कार्यक्रमों और स्थानीय भाषा में संवाद के जरिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उनकी आक्रामक प्रचार शैली ने कई इलाकों में पार्टी की मौजूदगी मजबूत की।
-
अमित मालवीय: डिजिटल नैरेटिव के कमांडर
अमित मालवीय ने चुनाव को डिजिटल बैटल में भी बदल दिया। सोशल मीडिया कैंपेन, वीडियो कंटेंट, और ट्रेंडिंग नैरेटिव के जरिए उन्होंने विपक्ष को लगातार काउंटर किया। लोकल मुद्दों को नेशनल लेवल पर हाइलाइट करना और ऑनलाइन सपोर्ट बेस को एक्टिव रखना, इन दोनों मोर्चों पर उनकी रणनीति प्रभावी रही।
इस चुनाव परिणाम ने यह साफ कर दिया है कि बंगाल की राजनीति अब एक नए दौर में प्रवेश कर चुकी है। जहां पहले एकतरफा वर्चस्व था, अब वहां कड़ी प्रतिस्पर्धा और नए राजनीतिक समीकरण देखने को मिलेंगे।

